September 19, 2026 12:27 AM

युवाओं के विचारों से बनेगा विकसित उत्तराखंड, सीएम धामी ने 140 विद्यार्थियों से किया संवाद

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय स्थित मुख्य सेवक सदन में आयोजित ‘मुख्यमंत्री युवा विद्यार्थी मंथन’ कार्यक्रम में प्रदेशभर से चयनित 140 छात्र-छात्राओं से संवाद किया। उन्होंने विद्यार्थियों के विचार, सुझाव और विकसित उत्तराखंड को लेकर उनका दृष्टिकोण जाना। मुख्यमंत्री ने कहा कि युवाओं के उपयोगी और व्यावहारिक सुझावों को सरकार की योजनाओं और नीति-निर्धारण से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि राजकीय विद्यालयों में पढ़ने वाले कक्षा 10वीं और 12वीं के विद्यार्थियों को टैब उपलब्ध कराने के लिए उनके खातों में प्रत्यक्ष लाभ अंतरण के माध्यम से धनराशि दी जाएगी। उन्होंने कहा कि सरकार विद्यार्थियों को आधुनिक तकनीक से जोड़ने और शिक्षा व्यवस्था को भविष्य की जरूरतों के अनुरूप बनाने पर लगातार काम कर रही है।

2.67 लाख विद्यार्थियों ने दिए सुझाव

मुख्यमंत्री ने बताया कि ‘मुख्यमंत्री युवा विद्यार्थी मंथन’ अभियान में प्रदेश के 2 लाख 67 हजार 744 विद्यार्थियों ने निबंध, विचार और सुझाव साझा किए। विद्यार्थियों ने शिक्षा, स्वास्थ्य, पर्यटन, सड़क, वन एवं पर्यावरण, खेल, पलायन, स्वरोजगार, उद्यमिता और गांवों में रोजगार के अवसर बढ़ाने सहित कई विषयों पर अपने विचार रखे।

उन्होंने कहा कि युवाओं की सोच, ऊर्जा और नवाचार विकसित उत्तराखंड के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। प्रशासन और युवाओं के बीच इस तरह का संवाद बेहतर नीति-निर्माण में सहायक होगा।

आधुनिक कौशल से जोड़ने पर जोर

मुख्यमंत्री ने कहा कि बदलते दौर में युवाओं को कृत्रिम बुद्धिमत्ता, रोबोटिक्स, डिजिटल तकनीक और मांग आधारित आधुनिक कौशल से जोड़ना जरूरी है। सरकार का उद्देश्य युवाओं को रोजगार के लिए तैयार करने के साथ उन्हें उद्यमिता और स्वरोजगार के माध्यम से रोजगार सृजन के लिए प्रोत्साहित करना भी है।

उन्होंने विद्यार्थियों से बड़े सपने देखने, निरंतर मेहनत करने और अपनी क्षमताओं पर विश्वास रखने का आह्वान किया। मुख्यमंत्री ने पूर्व राष्ट्रपति डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम का स्मरण करते हुए कहा कि सफलता का कोई शॉर्टकट नहीं होता और लक्ष्य हासिल करने के लिए निरंतर परिश्रम जरूरी है।

उत्कृष्ट विचार देने वाले विद्यार्थी सम्मानित

कार्यक्रम में विभिन्न विषयों पर उत्कृष्ट विचार देने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। शिक्षा एवं युवा अवसर में मयूह भंडारी और रवीना, पर्यावरण एवं आपदा प्रतिरोधक क्षमता में शेरोन कपूर, स्वास्थ्य एवं जन सेवाओं में सतीश कुमार, पर्वतीय क्षेत्रों में पलायन एवं रोजगार में माही बलाई, सड़क एवं आधारभूत संरचना में श्रितिका रावत, प्रौद्योगिकी एवं सुशासन में प्रियांशु सजवाण, पर्यटन एवं स्थानीय अर्थव्यवस्था में दृष्टि चौहान तथा महिला एवं बाल कल्याण में अनुष्का नेगी विजेता रहे।

कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने स्वरोजगार योजनाओं की जानकारी ग्राम स्तर तक पहुंचाने, विद्यालयों में करियर मार्गदर्शन, वरिष्ठ नागरिकों के अनुभवों के उपयोग, औषधीय वनस्पतियों को वैश्विक बाजार से जोड़ने और पर्यटन क्षेत्र में बेहतर प्रथाओं को अपनाने सहित विभिन्न सुझाव दिए।

इस अवसर पर सचिव डॉ. पंकज कुमार पांडेय, चंद्रेश कुमार, ज्योति यादव, धीराज गर्ब्याल, सी. सविशंकर, अपर सचिव आलोक कुमार पांडेय, बंशीधर तिवारी, संदीप तिवारी, नमामि बंसल, झरना कमठान, महानिदेशक शिक्षा आकांक्षा कोंडे सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।