July 31, 2026 2:45 AM

19 लाख मतदाताओं को नोटिस जारी, 13 अगस्त तक कर सकेंगे त्रुटियों का सुधार

देहरादून। उत्तराखंड में विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान के तहत मतदाता सूची को त्रुटिरहित बनाने की प्रक्रिया तेज हो गई है। निर्वाचन विभाग ने रिकॉर्ड में गड़बड़ी पाए जाने पर करीब 19 लाख मतदाताओं को नोटिस जारी करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। मतदाता 13 अगस्त तक निर्धारित प्रपत्र भरकर अपनी जानकारी में सुधार करा सकेंगे।

अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी विजय कुमार जोगदंडे ने बताया कि मतदाता सूची में नाम, पता, आयु या अन्य विवरण में त्रुटि होने पर प्रपत्र-8 के माध्यम से संशोधन कराया जा सकता है। नए मतदाता प्रपत्र-6 से नाम जुड़वा सकते हैं, जबकि नाम हटाने या आपत्ति दर्ज कराने के लिए प्रपत्र-7 का उपयोग किया जाएगा। यह प्रक्रिया 14 जुलाई से 13 अगस्त तक जारी रहेगी।

उन्होंने बताया कि प्रदेश में अब तक लगभग 19 लाख मतदाताओं के रिकॉर्ड में विभिन्न प्रकार की त्रुटियां चिन्हित की गई हैं। इन सभी को चरणबद्ध तरीके से नोटिस भेजे जा रहे हैं ताकि वे आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत कर अपना पक्ष रख सकें। साथ ही करीब 5.26 लाख मतदाताओं की मैपिंग अभी शेष है, जिसके लिए बूथ स्तर अधिकारियों के माध्यम से सत्यापन अभियान चलाया जा रहा है।

जिलेवार प्रगति में अल्मोड़ा सबसे आगे है, जहां लगभग 80 प्रतिशत नोटिस वितरित किए जा चुके हैं। चंपावत में 62.1 प्रतिशत नोटिस पहुंच चुके हैं। वहीं टिहरी (4.7 प्रतिशत), उत्तरकाशी (4.8 प्रतिशत), रुद्रप्रयाग (5.5 प्रतिशत) और ऊधम सिंह नगर (6.7 प्रतिशत) में नोटिस वितरण की गति अपेक्षाकृत धीमी है।

निर्वाचन विभाग ने स्पष्ट किया है कि नोटिस जारी होने का मतलब किसी मतदाता का नाम सूची से हटाना नहीं है। इसका उद्देश्य केवल रिकॉर्ड का सत्यापन करना और संबंधित मतदाता को अपनी जानकारी सही कराने का अवसर उपलब्ध कराना है।

Related Posts