September 23, 2026 11:49 AM

4 अक्टूबर को बनबसा में होगी धामी कैबिनेट की बैठक, तैयारियां तेज

देहरादून। उत्तराखंड सरकार की मंत्रिमंडल बैठक पहली बार देहरादून से बाहर चंपावत जिले में होने जा रही है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के गृह जिले में प्रस्तावित इस बैठक को लेकर सचिवालय स्तर पर तैयारियां तेज कर दी गई हैं। बैठक 4 अक्टूबर 2026 को सुबह 11 बजे बनबसा स्थित एनएचपीसी परिसर में होगी।

मुख्यमंत्री धामी के निर्वाचन क्षेत्र चंपावत में पहली बार मंत्रिमंडल की बैठक होने के कारण इसे महत्वपूर्ण माना जा रहा है। संबंधित विभागों की ओर से बैठक के लिए प्रस्ताव तैयार किए जा रहे हैं और प्रस्तावित विषयों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। बैठक में स्वास्थ्य, शिक्षा, ऊर्जा, परिवहन समेत विभिन्न विभागों से जुड़े प्रस्ताव रखे जाने की संभावना है। इनमें नीतिगत फैसलों, विकास योजनाओं और जनहित से जुड़े विषय शामिल हो सकते हैं।

जिलों में बैठक से स्थानीय मुद्दों पर फोकस

उत्तराखंड सरकार की परंपरा रही है कि समय-समय पर देहरादून से बाहर भी मंत्रिमंडल की बैठकें आयोजित की जाएं। इसका उद्देश्य स्थानीय स्तर पर विकास कार्यों की समीक्षा के साथ जिलों से जुड़े विशेष मुद्दों पर निर्णय लेना भी रहा है।

इससे पहले वर्ष 2010 में रमेश पोखरियाल निशंक सरकार के दौरान हरिद्वार में हरकी पैड़ी पर गंगा प्रदूषण के खिलाफ अभियान के दौरान मंत्रिमंडल की बैठक हुई थी। वर्ष 2012 में विजय बहुगुणा सरकार के दौरान गैरसैंण में कैबिनेट बैठक आयोजित की गई थी। इसके बाद भराड़ीसैंण, गैरसैंण में विधानसभा भवन बनने के बाद यहां मंत्रिमंडल की बैठकें और विधानसभा सत्र से जुड़ी गतिविधियां आयोजित होती रही हैं।

सीमावर्ती जिले में बैठक का महत्व

चंपावत कुमाऊं मंडल का सीमावर्ती जिला है और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का गृह जनपद भी है। ऐसे में यहां मंत्रिमंडल की बैठक होने से स्थानीय विकास और सीमावर्ती क्षेत्र से जुड़े विषयों पर भी चर्चा की संभावना है।

4 अक्टूबर को बनबसा में होने वाली बैठक के बाद सरकार अन्य जिलों में भी मंत्रिमंडल की बैठक आयोजित करने की दिशा में आगे बढ़ सकती है। हालांकि, अन्य जिलों में बैठक को लेकर फिलहाल कोई निर्णय सामने नहीं आया है।

Related Posts