July 31, 2026 3:44 AM

स्वतंत्रता दिवस पर प्रदेशभर में होंगे भव्य कार्यक्रम, खेल प्रतियोगिताओं से लेकर रक्तदान शिविर तक होंगे आयोजित – मुख्य सचिव

देहरादून। उत्तराखंड में 80वें स्वतंत्रता दिवस को भव्य और जनभागीदारी के साथ मनाने की तैयारी शुरू हो गई है। मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन की अध्यक्षता में सचिवालय में आयोजित बैठक में सभी विभागों को स्वतंत्रता दिवस पर विविध कार्यक्रम आयोजित करने के निर्देश दिए गए।

मुख्य सचिव ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस केवल औपचारिक आयोजन तक सीमित न रहे, बल्कि इसमें आमजन की व्यापक भागीदारी सुनिश्चित की जाए। इसके लिए राज्य और जिला स्तर पर खेल प्रतियोगिताएं, रक्तदान शिविर, मैराथन, साइकिल और बाइक रैली, हाई एल्टीट्यूड साहसिक गतिविधियां तथा वृक्षारोपण और जल संरक्षण अभियान आयोजित किए जाएंगे। प्रमुख शहरों में पुलिस, सेना, अर्द्धसैनिक बल और एनसीसी बैंड द्वारा संगीतमय प्रस्तुतियां भी दी जाएंगी।

महानिदेशक सूचना बंशीधर तिवारी ने बताया कि 15 अगस्त को सुबह 10 बजे मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी देहरादून के परेड ग्राउंड में ध्वजारोहण करेंगे। मुख्य सचिव सचिवालय में सुबह 9 बजे राष्ट्रीय ध्वज फहराएंगे, जबकि अन्य जिलों में जिलाधिकारी सुबह 9:30 बजे ध्वजारोहण करेंगे। देहरादून के सभी सरकारी और गैर सरकारी कार्यालयों में भी सुबह 9 बजे ध्वजारोहण किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि 14 अगस्त की शाम और 15 अगस्त की सुबह प्रदेश के प्रमुख चौराहों पर देशभक्ति गीतों का प्रसारण किया जाएगा। 14 अगस्त को प्रदेश मुख्यालय में कवि सम्मेलन और मुशायरे का आयोजन होगा, जबकि सरकारी भवनों और ऐतिहासिक इमारतों को एलईडी रोशनी से सजाया जाएगा।

सभी शिक्षण संस्थानों में प्रभात फेरी, ध्वजारोहण, राष्ट्रगान, खेलकूद प्रतियोगिताएं, वाद-विवाद, निबंध, प्रदर्शनी और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। सरकार का उद्देश्य स्वतंत्रता दिवस को उत्सव के साथ-साथ जनजागरूकता और राष्ट्रभक्ति के पर्व के रूप में मनाना है।

Related Posts