August 15, 2026 6:11 PM

SIR के चलते कांग्रेस ने टाली परिवर्तन संकल्प यात्रा, 10 अगस्त के बाद होगा नया कार्यक्रम

देहरादून। विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान के दूसरे चरण को देखते हुए कांग्रेस ने 2 अगस्त से देहरादून जिले की विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों में प्रस्तावित परिवर्तन संकल्प यात्रा फिलहाल स्थगित कर दी है। पार्टी ने स्पष्ट किया है कि अब यात्रा का नया कार्यक्रम 10 अगस्त के बाद घोषित किया जाएगा।

कांग्रेस की चुनाव अभियान समिति के अध्यक्ष प्रीतम सिंह ने बताया कि मतदाता सत्यापन अभियान को देखते हुए यात्रा को स्थगित करने का निर्णय लिया गया है। उन्होंने कहा कि राज्य के वरिष्ठ नेताओं से विचार-विमर्श के बाद नई तिथियों की घोषणा की जाएगी।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने पार्टी के बूथ लेवल एजेंटों, विधानसभा प्रभारियों और कार्यकर्ताओं से एसआईआर के दूसरे चरण में पूरी जिम्मेदारी और सक्रियता के साथ जुटने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि यह सुनिश्चित किया जाए कि कोई भी पात्र मतदाता सूची से वंचित न रहे और प्रत्येक मतदाता का नाम सुरक्षित बना रहे। इसके लिए सभी पदाधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में पुनरीक्षण कार्य पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए गए हैं।

प्रीतम सिंह ने आरोप लगाया कि बार-बार अनुरोध के बावजूद बूथ स्तर के अधिकारियों को अद्यतन परिवार रजिस्टर उपलब्ध नहीं कराए गए हैं। उन्होंने मुख्य निर्वाचन अधिकारी से मांग की कि एसआईआर के दूसरे चरण की प्रक्रिया को पूरी तरह निष्पक्ष और त्रुटिरहित बनाने के लिए सभी संबंधित अधिकारियों को अद्यतन परिवार रजिस्टर उपलब्ध कराया जाए, ताकि किसी भी पात्र मतदाता को अपने मताधिकार से वंचित न होना पड़े।

Related Posts