August 5, 2026 2:53 AM

CM धामी ने मसूरी विधानसभा को दी 17.80 करोड़ की विकास परियोजनाओं की सौगात, कहा – बिना रुके, बिना थके हर वादा पूरा कर रही सरकार

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को मसूरी विधानसभा क्षेत्र के पुरुकुल में 17 करोड़ 80 लाख रुपये की विभिन्न विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। इस दौरान पूर्व जिला पंचायत उपाध्यक्ष स्वर्गीय दीपक पुंडीर की स्मृति में निर्मित सामुदायिक भवन का भी लोकार्पण किया गया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि ये परियोजनाएं मसूरी विधानसभा क्षेत्र के विकास को नई गति देंगी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में उत्तराखंड विकास के स्वर्णिम दौर की ओर बढ़ रहा है। प्रदेश में शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, पेयजल और आधारभूत सुविधाओं को सुदृढ़ करने के साथ-साथ पर्यटन, खेल और एडवेंचर गतिविधियों को भी बढ़ावा दिया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि मसूरी देश के प्रमुख पर्यटन और वेडिंग डेस्टिनेशन के रूप में अपनी अलग पहचान रखती है। प्रदेश सरकार मसूरी के समग्र विकास के लिए सैन्य धाम निर्माण, मसूरी रोपवे के लोअर टर्मिनल तक सड़क चौड़ीकरण, जल जीवन मिशन के तहत पेयजल योजनाओं तथा सड़क और बाढ़ सुरक्षा से जुड़े कई महत्वपूर्ण कार्यों पर तेजी से काम कर रही है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार बिना रुके और बिना थके अपने हर वादे को धरातल पर उतार रही है। उन्होंने कहा कि कुछ लोग झूठ और अफवाह फैलाकर जनता को गुमराह करने का प्रयास कर रहे हैं, जबकि सरकार विकास और सुशासन के एजेंडे पर लगातार कार्य कर रही है।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने धर्मांतरण विरोधी कानून, समान नागरिक संहिता (यूसीसी), दंगों में सार्वजनिक और निजी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने वालों से वसूली का कानून तथा नकल विरोधी कानून लागू कर सुशासन की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाए हैं। मुख्यमंत्री ने बताया कि नकल विरोधी कानून लागू होने के बाद 34 हजार से अधिक युवाओं को पारदर्शी प्रक्रिया के तहत सरकारी नौकरियां मिली हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि स्टार्टअप नीति, एक जनपद दो उत्पाद, हाउस ऑफ हिमालयाज, होम स्टे योजना, वेड इन उत्तराखंड और सौर स्वरोजगार योजना जैसी पहलों से युवाओं को रोजगार के नए अवसर मिल रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि प्रदेश में बेरोजगारी दर में 4.4 प्रतिशत की रिकॉर्ड कमी आई है और नीति आयोग के सतत विकास लक्ष्य (एसडीजी) सूचकांक में उत्तराखंड देश में प्रथम स्थान पर पहुंचा है।

कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में मसूरी विधानसभा क्षेत्र में सड़क, पेयजल, सामुदायिक भवन और अन्य आधारभूत सुविधाओं से जुड़े विकास कार्य तेजी से पूरे किए जा रहे हैं। इस अवसर पर ज्योति कोटिया, शमशेर सिंह बिष्ट, एमडीडीए उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं स्थानीय लोग उपस्थित रहे।

Related Posts