August 5, 2026 4:11 AM

CM धामी ने विभिन्न विकास कार्यों के लिए 5 करोड़ रुपये की वित्तीय स्वीकृति दी, उत्तरांचल प्रेस क्लब को भी आर्थिक सहायता मंजूर

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेश की विभिन्न विकास योजनाओं एवं निर्माण कार्यों के लिए लगभग 5 करोड़ रुपये की वित्तीय स्वीकृति प्रदान की है। इसमें धार्मिक स्थलों के सौंदर्यीकरण, सड़क निर्माण, सुरक्षा कार्यों तथा खेल सुविधाओं के लिए आर्थिक सहायता शामिल है।

यमकेश्वर विधानसभा क्षेत्र के देवीखाल स्थित मां बाल कुंवारी माता मंदिर के सौंदर्यीकरण के लिए 72.67 लाख रुपये की स्वीकृति के सापेक्ष प्रथम किश्त के रूप में 43.60 लाख रुपये मंजूर किए गए हैं। वहीं दुगड्डा विकासखंड के महाबगढ़ मंदिर के सौंदर्यीकरण के लिए 1.69 करोड़ रुपये की स्वीकृति के तहत प्रथम किश्त के रूप में 1.02 करोड़ रुपये जारी किए गए हैं।

पिथौरागढ़ जिले के डीडीहाट विधानसभा क्षेत्र स्थित श्री हरिचंद देवता मंदिर के मास्टर प्लान के लिए 1.42 करोड़ रुपये की स्वीकृति के सापेक्ष 85.08 लाख रुपये की प्रथम किश्त मंजूर की गई है। इसके अलावा मिलम स्थित नंदा देवी मंदिर के सौंदर्यीकरण के लिए 54.09 लाख रुपये, अल्मोड़ा के सल्ट क्षेत्र में गुरु गोरखनाथ मंदिर के लिए 59.76 लाख रुपये तथा डीडीहाट के मोस्टामानू मंदिर के लिए 39.31 लाख रुपये की अवशेष धनराशि स्वीकृत की गई है।

मुख्यमंत्री ने चंपावत विधानसभा क्षेत्र में तामली–रूपालीगाड़–सीम मोटर मार्ग निर्माण के लिए प्रथम किश्त के रूप में 47.66 लाख रुपये तथा नई टिहरी के सिलकोट ग्राम पंचायत में जंगली जानवरों से बचाव के लिए घेरबाड़, सुरक्षा दीवार और सीसी रेलिंग मार्ग निर्माण हेतु 56.31 लाख रुपये की स्वीकृति दी है।

इसके अतिरिक्त देहरादून के रायपुर स्थित उत्तरांचल प्रेस क्लब को खेल सामग्री खरीदने के लिए 5 लाख रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान किए जाने का भी मुख्यमंत्री ने अनुमोदन किया है। राज्य सरकार का कहना है कि इन योजनाओं से धार्मिक पर्यटन, ग्रामीण आधारभूत सुविधाओं और स्थानीय विकास कार्यों को गति मिलेगी।

Related Posts