देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को समाज कल्याण विभाग की विभिन्न पेंशन योजनाओं के तहत लाखों लाभार्थियों को बड़ी राहत दी। सचिवालय में आयोजित कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने एक क्लिक के माध्यम से अप्रैल माह की पेंशन राशि जारी की।
इस दौरान पूर्ण रूप से राज्य पोषित योजनाओं के तहत 7 लाख 56 हजार 682 पेंशनर्स के खातों में कुल 111 करोड़ 82 लाख 52 हजार रुपये की धनराशि भेजी गई। इसमें वृद्धावस्था पेंशन, विधवा पेंशन, दिव्यांग पेंशन, किसान पेंशन, परित्यक्ता पेंशन, भरण-पोषण अनुदान, तीलू रौतेली पेंशन और बौना पेंशन जैसी योजनाएं शामिल हैं।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि राज्य सरकार अंत्योदय की भावना के साथ कार्य कर रही है और आर्थिक एवं सामाजिक रूप से कमजोर वर्गों के सशक्तिकरण पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि पात्र लोगों को योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए लगातार बहुउद्देशीय शिविर आयोजित किए जा रहे हैं, जिसके परिणामस्वरूप हर वर्ष 60 हजार से अधिक नए लोग समाज कल्याण पेंशन योजनाओं से जुड़ रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि आगे भी इस प्रकार के शिविर नियमित रूप से आयोजित किए जाएं। उन्होंने कहा कि 59 वर्ष की आयु पूरी करने वाले लोगों का पहले से सर्वे कर आवश्यक औपचारिकताएं पूरी कर ली जाएं, ताकि 60 वर्ष की आयु पूरी होते ही पात्र लोगों को पेंशन का लाभ मिल सके।
मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि योजनाओं का लाभ अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने के लिए आय सीमा को व्यावहारिक बनाया जाए। साथ ही विभाग की सभी योजनाओं की जानकारी एक ही स्थान पर उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
उन्होंने अधिकारियों को समाज कल्याण के क्षेत्र में नवाचार अपनाने और बेहतर व्यवस्थाएं विकसित करने को कहा। साथ ही कॉल सेंटर के माध्यम से बुजुर्गों और पेंशनर्स से नियमित संवाद बनाए रखने के निर्देश भी दिए।
इस अवसर पर समाज कल्याण मंत्री खजान दास ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में विभाग पूरी पारदर्शिता के साथ जरूरतमंद लोगों तक योजनाओं का लाभ पहुंचा रहा है।







