November 24, 2026 5:44 PM

CM धामी ने खटीमा में किया झनकईया गंगा स्नान मेले का शुभारंभ, नए स्नान घाटों के निर्माण की घोषणा की

खटीमा। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर खटीमा में ऐतिहासिक झनकईया गंगा स्नान मेले का शुभारंभ किया। उन्होंने शारदा तट पर पूजा-अर्चना कर प्रदेश की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। इस दौरान मुख्यमंत्री ने शारदा कॉरिडोर के तहत झनकईया और काला पुल के समीप नवनिर्मित पूर्णागिरि मंदिर क्षेत्र में स्नान घाटों के निर्माण की घोषणा की।

मुख्यमंत्री ने कहा कि झनकईया मेला धार्मिक आस्था, लोक संस्कृति और समृद्ध परंपराओं का संगम है। लंबे समय से आयोजित हो रहा यह मेला सांस्कृतिक विरासत को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का माध्यम है। भारत-नेपाल सीमा के समीप आयोजित होने वाला यह आयोजन दोनों देशों के सांस्कृतिक संबंधों और आपसी सद्भाव को मजबूत करता है। उन्होंने कहा कि भारत और नेपाल के बीच सदियों पुराने रोटी-बेटी के संबंध हैं और दोनों देशों की सामाजिक एवं सांस्कृतिक परंपराएं एक-दूसरे से जुड़ी हैं।

धामी ने कहा कि मेले में सीमांत क्षेत्रों के साथ उत्तर प्रदेश के विभिन्न जिलों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु और व्यापारी पहुंचते हैं। थारू समाज सहित विभिन्न समुदायों की भागीदारी, लोकगीत, लोकनृत्य और पारंपरिक रीति-रिवाज मेले को विशिष्ट पहचान देते हैं। ऐसे आयोजन स्थानीय दुकानदारों, कारीगरों और उद्यमियों को अपने उत्पादों के प्रदर्शन और बिक्री का अवसर भी देते हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार विकास के साथ पारंपरिक मेलों और सांस्कृतिक आयोजनों को भी बढ़ावा दे रही है। सीमांत और जनजातीय क्षेत्रों के सर्वांगीण विकास के लिए शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और आधारभूत सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है। अटल आवास योजना के तहत आय सीमा को व्यावहारिक बनाने और आवास निर्माण के लिए सहायता राशि बढ़ाने का निर्णय लिया गया है। प्रधानमंत्री आवास योजना और पीएम-जनमन के माध्यम से जरूरतमंद परिवारों को पक्के आवास दिए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि केंद्रीय ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान के साथ चर्चा के बाद उत्तराखंड के लिए 50 हजार अतिरिक्त आवास स्वीकृत किए गए हैं।

उन्होंने कहा कि जनजातीय क्षेत्रों में आश्रम पद्धति विद्यालयों, एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालयों, केंद्रीय विद्यालयों, औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों, पॉलीटेक्निक और छात्रावासों का विस्तार किया जा रहा है। राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन और वन धन केंद्रों के माध्यम से जनजातीय महिलाओं को रोजगार और स्वरोजगार से जोड़ने के प्रयास किए जा रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में समान नागरिक संहिता लागू करने सहित कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए हैं। सरकारी भूमि को अतिक्रमण से मुक्त कराने के अभियान में 13 हजार एकड़ से अधिक भूमि मुक्त कराई गई है। पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया के माध्यम से युवाओं को सरकारी सेवाओं में नियुक्तियां दी जा रही हैं।

मेले में श्रद्धालुओं की सुविधाओं को लेकर मुख्यमंत्री ने जिला प्रशासन, सिंचाई विभाग, नगर पालिका और जिला पंचायत को आपसी समन्वय से स्नान घाटों, सुरक्षा, स्वच्छता और अन्य व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शारदा कॉरिडोर के तहत क्षेत्र के धार्मिक स्थलों का विकास किया जाएगा और श्रद्धालुओं के लिए सुविधाएं बढ़ाई जाएंगी।

मुख्यमंत्री ने मेला परिसर में स्थानीय दुकानदारों से जलेबी और सिंघाड़े खरीदकर स्थानीय उत्पादों को प्रोत्साहित करने का संदेश भी दिया।

कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष अजय मौर्य, नगर पालिका अध्यक्ष रमेश चंद्र जोशी, ब्लॉक प्रमुख सरिता राणा, मेला समिति अध्यक्ष शेर सिंह दानू, जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।

Related Posts