November 24, 2026 10:54 AM

बिंदुखत्ता में बनेगा एक हजार लोगों की क्षमता वाला सांस्कृतिक सभागार, CM धामी ने कहा – लोकसंस्कृति हमारी पहचान और अमूल्य धरोहर

बिंदुखत्ता। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने नैनीताल जिले के बिंदुखत्ता में आयोजित तीन दिवसीय लोकथात सांस्कृतिक महोत्सव के समापन समारोह में महान लोकगायक स्वर्गीय प्रहलाद सिंह मेहरा को श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान उन्होंने बिंदुखत्ता में कम से कम एक हजार लोगों की बैठक क्षमता वाले सांस्कृतिक सभागार के निर्माण की घोषणा की। साथ ही प्रहलाद सिंह मेहरा के पैतृक गांव में उनकी स्मृति में विद्यालय और स्टेडियम सहित अन्य विकास कार्य कराने की घोषणा भी की।

मुख्यमंत्री ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया और प्रहलाद सिंह मेहरा के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित की। उन्होंने लोकगायक के परिजनों को सम्मानित करते हुए उत्तराखंड की लोकसंस्कृति के संरक्षण और संवर्धन में उनके योगदान को याद किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रहलाद सिंह मेहरा केवल लोकगायक नहीं, बल्कि उत्तराखंड की लोकसंस्कृति और लोककला के सच्चे साधक थे। उनके गीतों में पहाड़ के कठिन जनजीवन, महिलाओं के संघर्ष, युवाओं की भावनाओं और सामाजिक चेतना की झलक मिलती है। ‘गर्भ भितेरा बेटी ना मार’ गीत के माध्यम से उन्होंने बेटियों के सम्मान और जीवन के अधिकार का संदेश दिया, जबकि ‘ऐजा मेरा दानपुरा’ में अपनी जन्मभूमि के प्रति लगाव व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि कलाकार की सबसे बड़ी उपलब्धि यही है कि उसके जाने के बाद भी उसकी कला समाज को प्रेरित करती रहे।

धामी ने महोत्सव के आयोजन के लिए जन जागृति सांस्कृतिक कला समिति को बधाई देते हुए कहा कि लोकथात जैसे आयोजन लोकभाषाओं, लोकगीतों, संगीत और पारंपरिक रीति-रिवाजों के संरक्षण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। लोकसंस्कृति उत्तराखंड की पहचान और अमूल्य धरोहर है। आधुनिकता के दौर में इसे सहेजना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में राज्य सरकार विकास के साथ विरासत के संरक्षण पर भी काम कर रही है। केदारनाथ और बदरीनाथ धाम में विकास कार्यों के साथ मानसखंड मंदिर माला मिशन के तहत ऐतिहासिक और पौराणिक मंदिरों का विकास किया जा रहा है।

बिंदुखत्ता के विद्युतीकरण पर 30 करोड़ खर्च

मुख्यमंत्री ने लालकुआं विधानसभा क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए बताया कि शेरनाला पर करीब 10 करोड़ रुपये की लागत से पुल बनाया गया है। विजयपुर-गौलापार क्षेत्र में करीब चार करोड़ रुपये की लागत से पुल निर्माण शुरू किया गया है। सूर्यानाला और लालकुआं नगर की रेलवे क्रॉसिंग पर भी पुल निर्माण की दिशा में कार्रवाई की जा रही है।

उन्होंने कहा कि बिंदुखत्ता में विद्युतीकरण पर लगी रोक हटने के बाद करीब 30 करोड़ रुपये की लागत से काम कराया जा रहा है। इसके तहत नए बिजली के खंभे, ट्रांसफार्मर और लाइनें स्थापित की जा रही हैं। लालकुआं क्षेत्र में विद्युत व्यवस्था मजबूत करने के लिए करीब 14 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं। हल्दूचौड़ के राजकीय महाविद्यालय का स्नातकोत्तर स्तर पर उच्चीकरण किया गया है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि गौला और नंधौर नदियों से होने वाले भू-कटाव को रोकने के लिए बाढ़ सुरक्षा कार्य किए जा रहे हैं। वन क्षेत्रों से सटे गांवों में वन्यजीवों से सुरक्षा के लिए सौर ऊर्जा आधारित तारबाड़ भी लगाई जा रही है।

बिंदुखत्ता को राजस्व ग्राम बनाने पर चल रही कार्रवाई

बिंदुखत्ता को राजस्व ग्राम बनाने के मुद्दे पर मुख्यमंत्री ने कहा कि यह क्षेत्रवासियों की लंबे समय से चली आ रही मांग है। राज्य सरकार इस संबंध में आवश्यक प्रशासनिक कार्रवाई कर रही है और केंद्र सरकार के साथ लगातार संवाद किया जा रहा है। उन्होंने वनाधिकार समिति, बिंदुखत्ता के प्रतिनिधियों से भी इस विषय पर चर्चा की और आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि विकास का अर्थ केवल नई परियोजनाओं का निर्माण नहीं, बल्कि वर्षों से चली आ रही जनसमस्याओं का समाधान करना भी है। सरकार का प्रयास है कि मूलभूत सुविधाओं का विस्तार हो और विकास का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे।

कार्यक्रम में लोक कलाकार नैन सिंह रावल, हास्य कलाकार मंगल सिंह चौहान और जीवन सिंह दानू को सम्मानित किया गया। इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा, विधायक मोहन सिंह बिष्ट, भाजपा युवा मोर्चा के प्रदेश महामंत्री दीपेंद्र सिंह कोश्यारी, भाजपा जिलाध्यक्ष प्रताप सिंह बिष्ट, शंकर कोरंगा, कुमाऊं आयुक्त दीपक रावत, पुलिस महानिरीक्षक निवेदिता कुकरेती, जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मंजूनाथ टीसी सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी, कलाकार और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे।

Related Posts