November 11, 2026 7:10 PM

उत्तराखंड: जेनी प्रकरण में नया मोड़, तीन अलग-अलग नामों से उलझा पति की पहचान का सवाल…!

देहरादून। वर्ष 2003 के असम की युवती से जुड़े कथित दुष्कर्म और बच्चे के पितृत्व का मामला एक बार फिर उत्तराखंड की राजनीति में चर्चा का विषय बना हुआ है। 23 साल बाद युवती की ओर से पूर्व कैबिनेट मंत्री हरक सिंह रावत पर लगाए गए आरोपों के बीच अब उसके पति की पहचान को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं। इस मामले में सामने आए अलग-अलग दस्तावेजों में पति के तीन अलग-अलग नामों का उल्लेख होने से विवाद ने नया मोड़ ले लिया है।

सोशल मीडिया पर प्रसारित एक शपथपत्र के अनुसार, युवती ने नौ अगस्त 2011 को नगर निगम देहरादून से अपने बच्चे का जन्म प्रमाणपत्र बनवाने के लिए आवेदन किया था। इसके साथ दिए गए शपथपत्र में उसने अपने पति का नाम राजकुमार तिवारी बताया था। वहीं, वर्ष 2016 में नई दिल्ली के महानगर दंडाधिकारी के समक्ष हुई सुनवाई से संबंधित एक पत्र में युवती के पति का नाम अजमल खान दर्ज होने की बात सामने आई है। दूसरी ओर, हरक सिंह रावत ने हालिया प्रेस वार्ता में बबलू नाम के व्यक्ति को युवती का पति बताया था। इन अलग-अलग नामों के सामने आने के बाद दस्तावेजों और दावों को लेकर सवाल उठ रहे हैं।

2003 में बच्चे के जन्म के बाद उठा था विवाद

उपलब्ध दस्तावेजों के अनुसार, युवती ने नौ जून 2003 को देहरादून के दून अस्पताल के महिला चिकित्सालय में एक बच्चे को जन्म दिया था। उस समय वह नारी निकेतन में रह रही थी और उसकी उम्र करीब 16 वर्ष बताई गई थी। उस दौरान युवती की ओर से बच्चे के पिता के रूप में तत्कालीन मंत्री हरक सिंह रावत का नाम लिए जाने के बाद मामला सुर्खियों में आया था। हरक सिंह रावत ने आरोपों को खारिज करते हुए मंत्री पद से इस्तीफा दिया था और मामले की सीबीआई जांच की मांग की थी।

तत्कालीन एनडी तिवारी सरकार के कार्यकाल में राज्य सरकार की संस्तुति पर मामले की जांच सीबीआई को सौंपी गई थी। उपलब्ध विवरण के मुताबिक, जांच के दौरान डीएनए परीक्षण भी कराया गया था। इसमें बच्चे और हरक सिंह रावत का डीएनए मेल नहीं होने की बात सामने आई थी। सीबीआई ने आरोपों को साबित नहीं पाया और मामले में क्लोजर रिपोर्ट दाखिल की थी। अदालत ने भी हरक सिंह रावत को दोषमुक्त कर दिया था।

23 साल बाद फिर लगाए आरोप, जांच और डीएनए परीक्षण की मांग

करीब 23 साल बाद युवती सात नवंबर को देहरादून प्रेस क्लब पहुंची और प्रेस वार्ता कर हरक सिंह रावत पर फिर गंभीर आरोप लगाए। उसने दावा किया कि उसके बच्चे के पिता हरक सिंह रावत ही हैं। युवती ने मामले की दोबारा जांच कराने और बच्चे का डीएनए परीक्षण कराने की मांग की। इसके बाद पुराना मामला फिर राजनीतिक चर्चा के केंद्र में आ गया।

हरक सिंह रावत ने आरोपों को खारिज करते हुए इसे भाजपा की साजिश बताया है। उनका कहना है कि अंकिता भंडारी हत्याकांड में कथित वीआईपी की भूमिका के मुद्दे से ध्यान हटाने के लिए 23 साल पुराना मामला उठाया जा रहा है। उन्होंने यह भी कहा कि मामले की जांच पहले सीबीआई कर चुकी है और उस समय उन्हें क्लीन चिट मिली थी।

स्वाति नेगी ने सामने रखे दस्तावेज

हरक सिंह रावत के समर्थन में सामने आईं सामाजिक कार्यकर्ता स्वाति नेगी ने 2011 के शपथपत्र का हवाला देते हुए युवती के पति के रूप में राजकुमार तिवारी का नाम बताया। उन्होंने मीडिया के सामने एक अन्य पत्र भी रखा, जिसमें पति का नाम अजमल खान दर्ज होने की बात कही गई। यह पत्र वर्ष 2016 में युवती की ओर से की गई शिकायत से संबंधित न्यायिक कार्यवाही का बताया गया है।

इस तरह हरक सिंह रावत के बयान में बबलू, वर्ष 2011 के शपथपत्र में राजकुमार तिवारी और वर्ष 2016 से जुड़े दस्तावेज में अजमल खान का नाम सामने आया है। हालांकि, इन अलग-अलग नामों के आधार पर पति की वास्तविक पहचान या बच्चे के पितृत्व को लेकर कोई निष्कर्ष नहीं निकाला जा सकता। फिलहाल मामले में दोनों पक्षों के दावों और सामने रखे गए दस्तावेजों को लेकर राजनीतिक बहस जारी है।

Related Posts