November 11, 2026 7:11 PM

गंगोत्री-यमुनोत्री के कपाट बंद, इस बार 18.90 लाख श्रद्धालुओं ने किए दर्शन; पिछले साल से 34.8 फीसदी बढ़ी संख्या

उत्तरकाशी। गंगोत्री और यमुनोत्री धाम में इस वर्ष श्रद्धालुओं की आमद ने पिछले वर्षों के आंकड़ों को पीछे छोड़ दिया। चारधाम यात्रा के दौरान दोनों धामों में कुल 18 लाख 90 हजार 752 तीर्थयात्रियों ने दर्शन किए। पिछले वर्ष के मुकाबले इस बार 4 लाख 87 हजार 866 अधिक श्रद्धालु पहुंचे। यात्रियों की संख्या में करीब 34.8 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई।

आंकड़ों के अनुसार, इस वर्ष गंगोत्री धाम में 10 लाख छह हजार 463 और यमुनोत्री धाम में 8 लाख 84 हजार 289 श्रद्धालुओं ने दर्शन किए। दोनों धामों में यात्रियों की संख्या में हुई बढ़ोतरी ने उत्तरकाशी के धार्मिक पर्यटन को नई ऊंचाई दी है।

पिछले वर्षों के आंकड़ों पर नजर डालें तो वर्ष 2025 में दोनों धामों में 14 लाख दो हजार 886 श्रद्धालु पहुंचे थे। वर्ष 2024 में यह संख्या 15 लाख 30 हजार 28 और वर्ष 2023 में 16 लाख 40 हजार 418 रही थी। वहीं, वर्ष 2022 में कुल 11 लाख 10 हजार 204 तीर्थयात्रियों ने दर्शन किए थे। इस वर्ष दोनों धामों में श्रद्धालुओं की संख्या 18.90 लाख के पार पहुंचना अब तक का सर्वाधिक आंकड़ा है।

कपाट बंद, मुखबा और खरसाली में होगी शीतकालीन पूजा

यात्रा सीजन समाप्त होने के साथ ही गंगोत्री और यमुनोत्री धाम के कपाट छह माह के लिए बंद कर दिए गए हैं। अन्नकूट पर्व और गोवर्धन पूजा के अवसर पर वैदिक मंत्रोच्चार एवं विधि-विधान के साथ गंगोत्री धाम के कपाट बंद हुए। इसके बाद भैया दूज पर यमुनोत्री धाम के कपाट भी शीतकाल के लिए बंद कर दिए गए।

शीतकाल में मां गंगा की पूजा मुखबा गांव और मां यमुना की पूजा खरसाली गांव में होगी। दोनों धामों के शीतकालीन प्रवास स्थलों पर श्रद्धालु दर्शन कर सकेंगे। यानी धामों के कपाट बंद होने के बाद भी इन गांवों में धार्मिक गतिविधियां और श्रद्धालुओं की आवाजाही जारी रहेगी।

Related Posts