November 1, 2026 3:38 PM

दिल्ली की महारैली में उत्तराखंड से 25 हजार लोगों के पहुंचने का दावा, हरदा बोले- परिवर्तनकारी होगी रैली

देहरादून। दिल्ली में एक नवंबर को कांग्रेस और इंडिया गठबंधन की ओर से आयोजित ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ महारैली को लेकर उत्तराखंड कांग्रेस ने तैयारियां पूरी होने का दावा किया है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल के अनुसार, रैली में शामिल होने के लिए उत्तराखंड के अलग-अलग जिलों से करीब 25 हजार लोग दिल्ली पहुंचेंगे। वहीं, पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने महारैली को परिवर्तनकारी बताते हुए कहा कि इसका असर देश की राजनीति पर पड़ेगा।

हरीश रावत ने कहा कि दिल्ली में होने वाली महारैली से बड़ा बदलाव आएगा। लाखों भारतवासी दिल्ली पहुंचना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी की ललकार और मल्लिकार्जुन खरगे की हुंकार सुनने के लिए पूरा देश उत्सुक है। इंडिया गठबंधन के सभी नेता एक साथ अपनी आवाज बुलंद करेंगे और इसका असर पूरे देश की राजनीति में दिखाई देगा।

पूर्व मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि देश में लोकतंत्र और वोट देने का अधिकार खतरे में है। उनके मुताबिक, नौकरी पाने का अधिकार और स्वाभिमान के साथ जीने का अधिकार भी प्रभावित हो रहा है। इन सभी अधिकारों की रक्षा के लिए महारैली में संकल्प लिया जाएगा।

गोदियाल बोले, कार्यकर्ताओं और आम लोगों में उत्साह

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने कहा कि महारैली में उत्तराखंड से करीब 25 हजार लोगों के शामिल होने की संभावना है। उन्होंने दावा किया कि रैली को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ आम लोगों में भी उत्साह है। गोदियाल ने भाजपा पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि लोग उसकी कथनी और करनी को समझ चुके हैं। उन्होंने कहा कि मीठी-मीठी बातें और मन की बात करने वाले वास्तव में लोगों को गुमराह कर रहे हैं। इस दौरान उन्होंने सरकार पर लोगों के हितों की अनदेखी करने का आरोप भी लगाया।

गोदियाल ने कहा कि कांग्रेस के प्रति लोगों का रुझान तेजी से बढ़ रहा है। राहुल गांधी के आह्वान पर बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता दिल्ली पहुंचेंगे। उन्होंने महारैली के सफल होने का दावा किया।