October 21, 2026 3:35 AM

सेलाकुई में चिकित्सा शिक्षा विश्वविद्यालय को मिलेगी नई पहचान, CM CM ने किया 20.55 करोड़ की पांच योजनाओं का शिलान्यास-लोकार्पण

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को सेलाकुई स्थित हेमवती नंदन बहुगुणा उत्तराखंड चिकित्सा शिक्षा विश्वविद्यालय परिसर में 20.55 करोड़ रुपये की पांच योजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण किया। इनमें 20.21 करोड़ रुपये की तीन योजनाओं का शिलान्यास और 34 लाख रुपये की दो योजनाओं का लोकार्पण शामिल है। नई योजनाओं से विश्वविद्यालय परिसर में शैक्षणिक और प्रशासनिक सुविधाओं का विस्तार होगा।

मुख्यमंत्री ने प्रस्तावित प्रशासनिक भवन, एम्फीथिएटर और नक्षत्र वाटिका का शिलान्यास किया। इसके साथ ही विश्वविद्यालय के मुख्य द्वार और दंत चिकित्सालय का लोकार्पण किया। कार्यक्रम के दौरान उन्होंने मां सरस्वती की पूजा-अर्चना की और स्वर्गीय हेमवती नंदन बहुगुणा की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।

सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल के लिए भेजा प्रस्ताव

मुख्यमंत्री ने कहा कि चिकित्सा शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं को सुदृढ़ करना राज्य सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है। विश्वविद्यालय प्रदेश में चिकित्सा शिक्षा के विकास और युवाओं के भविष्य निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। परिसर में नई सुविधाएं विकसित होने से विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण मिलेगा।

उन्होंने बताया कि विश्वविद्यालय परिसर में सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल स्थापित करने के लिए केंद्र सरकार के स्वास्थ्य मंत्रालय को प्रस्ताव भेजा गया है। केंद्र से स्वीकृति मिलने के बाद इस दिशा में आगे की कार्रवाई की जाएगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि चिकित्सा क्षेत्र में सेवा, संवेदनशीलता और समर्पण का विशेष महत्व है। चिकित्सक और स्वास्थ्यकर्मी लोगों का जीवन बचाने के साथ समाज के प्रति बड़ी जिम्मेदारी निभाते हैं।

प्रदेश में स्वास्थ्य सेवाओं का हो रहा विस्तार

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में वर्तमान में पांच राजकीय मेडिकल कॉलेज संचालित हैं, जबकि दो निर्माणाधीन हैं। इसके अलावा नौ नर्सिंग कॉलेज और तीन नर्सिंग स्कूल संचालित किए जा रहे हैं। देहरादून, हल्द्वानी और श्रीनगर के मेडिकल कॉलेजों में सुपर स्पेशियलिटी सेवाओं का विस्तार किया जा रहा है।

उन्होंने बताया कि हल्द्वानी में आधुनिक कैंसर संस्थान का निर्माण किया जा रहा है। जिला अस्पतालों और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों की सुविधाओं को भी बेहतर बनाया जा रहा है। ऊधमसिंह नगर के किच्छा में 351 करोड़ रुपये की लागत से अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान के उपकेंद्र का निर्माण किया जा रहा है। इससे क्षेत्र की बड़ी आबादी को आधुनिक स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ मिलने की उम्मीद है। दूरस्थ क्षेत्रों तक स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाने के लिए टेलीमेडिसिन और हेली एंबुलेंस जैसी सेवाएं भी उपलब्ध कराई जा रही हैं।

35 हजार से अधिक युवाओं को मिली सरकारी नौकरी

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार चिकित्सा क्षेत्र में चिकित्सकों, नर्सिंग अधिकारियों और पैरामेडिकल कार्मिकों की नियुक्तियों के साथ प्रशिक्षण सुविधाओं को भी बेहतर बना रही है। युवाओं को विदेशों में रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के लिए विदेशी भाषाओं का प्रशिक्षण दिया जा रहा है। उन्होंने बताया कि वर्ष 2023 में 60 अभ्यर्थियों को जापान और वर्ष 2025 में 13 अभ्यर्थियों को जर्मनी में रोजगार मिला।

मुख्यमंत्री ने जर्मन भाषा का प्रशिक्षण लेकर जर्मनी में रोजगार पाने वाली सपना राणा का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रदेश के युवा अपने कौशल और प्रतिभा से अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान बना रहे हैं। उत्तराखंड से शिक्षा प्राप्त करने वाले विद्यार्थी अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान, स्नातकोत्तर चिकित्सा शिक्षा एवं अनुसंधान संस्थान, रेलवे और सैन्य नर्सिंग सेवा जैसे संस्थानों में भी सेवाएं दे रहे हैं।

उन्होंने कहा कि भर्ती परीक्षाओं में अनियमितताओं पर रोक लगाने के लिए राज्य सरकार ने सख्त नकल विरोधी कानून लागू किया है। बीते पांच वर्षों में पारदर्शी भर्ती प्रक्रियाओं के माध्यम से 35 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरियां दी गई हैं। युवाओं के भविष्य के साथ किसी भी प्रकार का खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

चिकित्सा स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा मंत्री सुबोध उनियाल ने कहा कि राज्य सरकार चिकित्सा शिक्षा के विस्तार और स्वास्थ्य सुविधाओं को सुदृढ़ बनाने के लिए लगातार कार्य कर रही है। मेडिकल कॉलेजों में आधुनिक बुनियादी सुविधाएं विकसित करने के साथ विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और प्रशिक्षण उपलब्ध कराने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

कार्यक्रम में विधायक सहदेव सिंह पुंडीर, विश्वविद्यालय की कुलपति प्रोफेसर भानु दुग्गल, उत्तराखंड राज्य विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी परिषद के महानिदेशक प्रोफेसर दुर्गेश पंत, सूचना महानिदेशक बंशीधर तिवारी, चिकित्सा शिक्षा निदेशक डॉ. आशुतोष सयाना सहित अन्य अधिकारी और गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

Related Posts