November 1, 2026 4:19 PM

मकान की खरीद में भुगतान न करने का आरोप, कांग्रेस नेता सोनिया आनंद के खिलाफ बुजुर्ग ने एसएसपी से की शिकायत

देहरादून। प्रेमनगर थाना क्षेत्र के कंडोली में मकान की खरीद-फरोख्त के दौरान कथित धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। कंडोली निवासी हरिओम सहगल ने जसवीर कौर आनंद उर्फ सोनिया आनंद और आनंद पर तय भुगतान नहीं करने तथा दिए गए चेक बाउंस होने का आरोप लगाया है। शिकायत की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी प्रमेंद्र डोभाल ने मामले की जांच एसपी सिटी को सौंपी है।

हरिओम सहगल के अनुसार, उन्होंने मजबूरी में 21 जून 2021 को खुड़बुड़ा मोहल्ला स्थित अपना भवन जसवीर कौर आनंद उर्फ सोनिया आनंद को बेचा था। उनका आरोप है कि रजिस्ट्री के दिन आरोपी पक्ष ने उनकी जेब से कुछ चेक निकाल लिए और बदले में जो चेक दिए गए, वे बाद में बाउंस हो गए। पीड़ित का कहना है कि मकान का तय भुगतान अब तक नहीं किया गया है।

शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि कानूनी कार्रवाई शुरू करने के बाद भी आरोपी पक्ष अपने प्रभाव के चलते अदालत में पेश नहीं हुआ। इसके बाद वर्ष 2024 में सुप्रीम कोर्ट के आदेश पर मामला देहरादून स्थानांतरित किया गया। शिकायती पत्र में उन्होंने यह भी आरोप लगाया है कि सोनिया आनंद रावत के अलग-अलग बैंकों में तीन अलग-अलग नामों से खाते संचालित हैं।

भवन से जबरन निकालने और सील तोड़ने का भी आरोप

हरिओम सहगल ने आरोप लगाया कि 30 जनवरी 2022 को पूर्व मंत्री के इशारे पर कुछ लोगों ने उन्हें जबरन भवन से बाहर निकाल दिया और उस पर कब्जा कर लिया। उनका यह भी कहना है कि वर्ष 2018 में मसूरी देहरादून विकास प्राधिकरण की ओर से सील किए गए भवन की सील भी कथित तौर पर गैरकानूनी तरीके से तोड़ी गई।

शिकायत में पूर्व मंत्री हरक सिंह रावत पर आसपास की जमीनों और वन भूमि पर अवैध कब्जा कर सड़क बनाने का आरोप भी लगाया गया है। ये सभी आरोप शिकायतकर्ता की ओर से लगाए गए हैं।

एसएसपी ने एसपी सिटी को सौंपी जांच

एसएसपी प्रमेंद्र डोभाल ने बताया कि कंडोली निवासी हरिओम ने शिकायत दी है। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि उनसे मकान खरीदने वाली जसवीर कौर आनंद उर्फ सोनिया आनंद ने भुगतान नहीं किया और उनके द्वारा दिए गए चेक बाउंस हो गए। एसएसपी के अनुसार, मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी सिटी को व्यक्तिगत रूप से पूरे प्रकरण की गहन जांच करने की जिम्मेदारी सौंपी गई है।