August 30, 2026 2:11 PM

CM धामी ने सुना PM का ‘मन की बात’ प्रोग्राम , कहा – राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित करता है कार्यक्रम

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को कुंवावाला में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘मन की बात’ कार्यक्रम का 137वां संस्करण सुना। कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री ने कहा कि ‘मन की बात’ देशवासियों को राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित करने के साथ समाज में सकारात्मक बदलाव लाने वाले लोगों और अभिनव प्रयासों को देश-दुनिया के सामने लाने का प्रभावी माध्यम बन चुका है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री ने कार्यक्रम में युवाओं को नशे से दूर रखने और नशामुक्त युवा-विकसित भारत’ के संकल्प को जनआंदोलन बनाने का संदेश दिया है। उन्होंने कहा कि नशामुक्त युवा ही सशक्त और विकसित भारत की मजबूत नींव हैं। प्रधानमंत्री के आह्वान से युवाओं में नशे के खिलाफ जागरूकता बढ़ेगी और राष्ट्र निर्माण के प्रति समर्पित युवा शक्ति को नई ऊर्जा मिलेगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री ने भारत के गौरवशाली इतिहास और विरासत को नई पीढ़ी तक सरल एवं रोचक तरीके से पहुंचाने के लिए किए जा रहे अभिनव प्रयासों का भी उल्लेख किया। ऐसे प्रयास युवाओं को देश की समृद्ध विरासत से जोड़ने के साथ उनमें संस्कृति और राष्ट्र के प्रति गौरव की भावना को मजबूत करते हैं।

उन्होंने कहा कि ‘मन की बात’ के माध्यम से प्रधानमंत्री देश के अलग-अलग क्षेत्रों में सामान्य नागरिकों द्वारा किए जा रहे असाधारण कार्यों, नवाचारों और जनभागीदारी के प्रयासों को राष्ट्रीय पहचान दे रहे हैं। इससे अन्य लोगों को भी अपने क्षेत्र में सकारात्मक बदलाव लाने और राष्ट्र निर्माण में योगदान देने की प्रेरणा मिलती है।

मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों, विशेषकर युवाओं से प्रधानमंत्री के संदेशों को जीवन में आत्मसात करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि युवा नशे से दूर रहकर स्वस्थ, सशक्त और सकारात्मक सोच के साथ विकसित भारत के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाएं।

इस अवसर पर राज्यसभा सांसद एवं भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट, कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज, गणेश जोशी, डॉ. धन सिंह रावत, मदन कौशिक, भरत चौधरी समेत अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।