August 1, 2026 3:23 AM

मुख्यमंत्री धामी ने 227 करोड़ रुपये की विकास योजनाओं को दी मंजूरी, कुंभ-2027 और सड़क परियोजनाओं को मिली गति

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेश की विभिन्न विकास योजनाओं एवं निर्माण कार्यों के लिए लगभग 227 करोड़ रुपये की वित्तीय स्वीकृति प्रदान की है। इसमें कुंभ मेला-2027 से जुड़ी आधारभूत परियोजनाएं, सड़क चौड़ीकरण, पुलिस भवन निर्माण, भूतपूर्व सैनिकों के आश्रितों के लिए छात्रवृत्ति तथा पेंशनरों की महंगाई राहत बढ़ाने जैसे महत्वपूर्ण निर्णय शामिल हैं।

मुख्यमंत्री ने जनपद हरिद्वार में पुलिस चौकी सुल्तानपुर के प्रशासनिक भवन निर्माण के लिए 2.41 करोड़ रुपये की लागत के सापेक्ष प्रथम किश्त के रूप में 96.59 लाख रुपये जारी करने को मंजूरी दी। वहीं, देहरादून के न्यू कैंट मार्ग (1.650 किलोमीटर) को दो लेन से तीन लेन में अपग्रेड करने के लिए यूटिलिटी शिफ्टिंग एवं पेयजल लाइन स्थानांतरण कार्य हेतु 11.95 करोड़ रुपये की योजना को भी स्वीकृति दी गई।

कुंभ मेला-2027 की तैयारियों को गति देते हुए मुख्यमंत्री ने सिंचाई विभाग के अंतर्गत हरिद्वार के चंडी घाट डाउनस्ट्रीम क्षेत्र में गंगा नदी के दोनों किनारों पर घाट एवं आस्था पथ निर्माण के लिए 214.09 करोड़ रुपये की स्वीकृति प्रदान की। इसमें गौरीशंकर क्षेत्र में बाएं तट पर निर्माण कार्य के लिए 98.18 करोड़ रुपये तथा बैरागी कैंप क्षेत्र में दाएं तट पर निर्माण के लिए 115.91 करोड़ रुपये शामिल हैं।

मुख्यमंत्री ने उत्तराखंड के भूतपूर्व सैनिकों के आश्रित छात्र-छात्राओं को इंजीनियरिंग, मेडिकल एवं पीएचडी की पढ़ाई के लिए कारगिल शहीद परिवार मुख्यमंत्री सहायता कोष से 36.84 लाख रुपये की छात्रवृत्ति स्वीकृत करने का भी अनुमोदन किया।

इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने सार्वजनिक निकायों एवं उपक्रमों के सिविल एवं पारिवारिक पेंशनरों को 1 जनवरी 2026 से महंगाई राहत बढ़ाकर 60 प्रतिशत प्रतिमाह किए जाने के प्रस्ताव को भी मंजूरी प्रदान की। इस निर्णय से हजारों पेंशनभोगियों को आर्थिक राहत मिलेगी।

Related Posts