July 31, 2026 4:39 AM

गुरु पूर्णिमा महोत्सव में उमड़ा श्रद्धा का सैलाब, पूर्ण गुरु के मार्गदर्शन से ही संभव है आत्मिक उन्नति- साध्वी अदिति भारती

देहरादून। दिव्य ज्योति जागृति संस्थान द्वारा तुनवाला, रायपुर स्थित मथुरा फार्म में आयोजित गुरु पूर्णिमा महोत्सव श्रद्धा, भक्ति और आध्यात्मिक उल्लास के साथ संपन्न हुआ। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लेकर सद्गुरु के प्रति अपनी आस्था व्यक्त की और गुरु पूर्णिमा का पर्व भक्तिभाव से मनाया।

कार्यक्रम का शुभारंभ वैदिक मंत्रोच्चार, रुद्री पाठ और आरती के साथ हुआ। इसके बाद भजन-कीर्तन, आध्यात्मिक प्रवचन और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने वातावरण को भक्तिमय बना दिया। आदि गुरु शंकराचार्य के जीवन पर आधारित नाट्य मंचन ने गुरु-शिष्य परंपरा और सनातन संस्कृति के मूल्यों को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया।

साध्वी विदुषी जाह्नवी भारती ने कहा कि पूर्ण सद्गुरु ही ब्रह्मज्ञान की दिव्य दीक्षा देकर मनुष्य के जीवन में आत्मिक जागृति का प्रकाश फैलाते हैं। उन्होंने कहा कि गुरु पूर्णिमा केवल एक पर्व नहीं, बल्कि गुरु के प्रति श्रद्धा, समर्पण और कृतज्ञता प्रकट करने का पावन अवसर है। उन्होंने श्रद्धालुओं से गुरु की शिक्षाओं को जीवन में अपनाकर प्रेम, सेवा, सदाचार और मानवता के मार्ग पर चलने का आह्वान किया।

साध्वी विदुषी अदिति भारती ने अपने प्रवचन में कहा कि आध्यात्मिक उन्नति के लिए पूर्ण गुरु का मार्गदर्शन अनिवार्य है। उन्होंने कहा कि वेदों, पुराणों और उपनिषदों में गुरु को ईश्वर तक पहुंचने का सच्चा मार्गदर्शक बताया गया है तथा ब्रह्मज्ञान से ही वास्तविक आध्यात्मिक जीवन की शुरुआत होती है। उन्होंने बताया कि गुरु पूर्णिमा का पर्व महर्षि वेदव्यास की स्मृति में व्यास पूजा के रूप में भी मनाया जाता है।

कार्यक्रम में दिव्य ज्योति जागृति संस्थान के संस्थापक एवं संचालक दिव्य गुरु श्री आशुतोष महाराज की शिक्षाओं का स्मरण करते हुए ब्रह्मज्ञान, आध्यात्मिक जागरण, मानव कल्याण और विश्व शांति का संदेश दिया गया। महोत्सव के अंत में श्रद्धालुओं ने भंडारे का प्रसाद ग्रहण कर गुरु का आशीर्वाद प्राप्त किया।

 

Related Posts