July 29, 2026 11:44 PM

विश्व बाघ दिवस पर सीएम धामी का संदेश, सिंगल यूज़ प्लास्टिक के खिलाफ जनभागीदारी का किया आह्वान

देहरादून। विश्व बाघ दिवस के अवसर पर आयोजित राज्य स्तरीय कार्यशाला में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सिंगल यूज़ प्लास्टिक के प्रभावी प्रतिबंध के लिए जनभागीदारी को सबसे अहम बताया। उन्होंने कहा कि केवल सरकारी प्रयासों से यह लक्ष्य हासिल नहीं होगा, बल्कि प्रत्येक नागरिक को इस अभियान से जुड़ना होगा।

मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम में बाघ संरक्षण पर आधारित चित्र और पोस्टकार्ड का विमोचन किया तथा मानव-वन्यजीव संघर्ष के दौरान साहसिक कार्य करने वाले लोगों और वन्यजीव संरक्षण में उल्लेखनीय योगदान देने वालों को सम्मानित किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि बाघ केवल एक वन्यजीव नहीं, बल्कि जैव विविधता और संतुलित पारिस्थितिकी तंत्र का प्रतीक है। जंगल सुरक्षित रहेंगे तो बाघ भी सुरक्षित रहेंगे और पर्यावरण का संतुलन भी बना रहेगा। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड अपनी समृद्ध वन संपदा और कॉर्बेट व राजाजी टाइगर रिजर्व जैसे संरक्षित क्षेत्रों के कारण देशभर में विशेष पहचान रखता है।

उन्होंने कहा कि सिंगल यूज़ प्लास्टिक नदियों, जंगलों, मिट्टी, जल स्रोतों और वन्यजीवों के लिए गंभीर खतरा बन चुका है। इसलिए इस पर प्रभावी रोक लगाने के लिए व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाने की जरूरत है। राज्य सरकार चारधाम यात्रा मार्गों और प्रमुख पर्यटन स्थलों को प्लास्टिक मुक्त बनाने के लिए विशेष अभियान चला रही है और प्लास्टिक अपशिष्ट के वैज्ञानिक प्रबंधन व रीसाइक्लिंग को भी बढ़ावा दिया जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने लोगों से कपड़े और जूट के थैलों का उपयोग करने की अपील करते हुए श्रद्धालुओं और पर्यटकों से प्राकृतिक स्थलों पर प्लास्टिक या अन्य कचरा न फैलाने का आग्रह किया। उन्होंने युवाओं, स्वयं सहायता समूहों और सामाजिक संगठनों से इस अभियान को जनआंदोलन बनाने का आह्वान किया।