देहरादून। प्रदेश में लगातार हो रही भारी बारिश और मौसम विभाग के ऑरेंज अलर्ट को देखते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सभी विभागों को 24×7 अलर्ट मोड पर रहने के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री ने आपदा प्रबंधन विभाग से प्रदेशभर की स्थिति की समीक्षा कर राहत एवं बचाव कार्यों में किसी भी प्रकार की देरी न होने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि बंद सड़कों को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र खोला जाए तथा जेसीबी, पोकलेन और अन्य मशीनरी पर्याप्त संख्या में उपलब्ध रहे। उन्होंने जिलाधिकारियों और वरिष्ठ अधिकारियों को फील्ड में जाकर स्थिति की निगरानी करने तथा प्रत्येक सूचना पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने हेली सेवाओं को भी पूरी तरह अलर्ट मोड पर रखने के निर्देश दिए हैं, ताकि दुर्गम और आपदा प्रभावित क्षेत्रों में जरूरत पड़ने पर तुरंत राहत एवं बचाव अभियान चलाया जा सके। साथ ही बिजली, पेयजल और संचार सेवाएं बाधित होने पर उन्हें प्राथमिकता के आधार पर बहाल करने के निर्देश भी दिए गए हैं।
चारधाम यात्रा को देखते हुए मुख्यमंत्री ने यात्रियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता बताते हुए निर्देश दिए कि भारी बारिश या भूस्खलन की स्थिति में यात्रियों को सुरक्षित स्थानों पर रोका जाए और मौसम सामान्य होने के बाद ही आगे भेजा जाए।
उधर, सचिव आपदा प्रबंधन विनोद कुमार सुमन ने सभी जिलाधिकारियों के साथ बैठक कर संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र से प्रदेशभर की स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जा रही है।
मौसम विभाग ने 29 और 30 जुलाई को प्रदेश के कई जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। प्रशासन ने लोगों से अनावश्यक यात्रा से बचने, नदी-नालों और भूस्खलन संभावित क्षेत्रों से दूर रहने तथा जिला प्रशासन की एडवाइजरी का पालन करने की अपील की है।





