देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को मोथरोवाला में स्थानीय लोगों के साथ प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मन की बात कार्यक्रम के 133वें संस्करण को सुना। इस दौरान बड़ी संख्या में नागरिकों की सहभागिता रही।
मुख्यमंत्री ने कहा कि मन की बात कार्यक्रम देशवासियों के लिए अत्यंत प्रेरणादायक है। इसके माध्यम से प्रधानमंत्री समाज के विभिन्न वर्गों द्वारा किए जा रहे नवाचार, स्टार्टअप, स्वच्छता अभियान, आत्मनिर्भर भारत, पर्यावरण संरक्षण और लोक संस्कृति से जुड़े कार्यों को सामने लाते हैं।
इससे व्यक्तियों को आगे बढ़ने और कुछ नया करने की प्रेरणा मिलती है। उन्होंने कहा कि इस कार्यक्रम ने आमजन के प्रयासों को राष्ट्रीय मंच प्रदान किया है। देश के दूरदराज क्षेत्रों में हो रहे उत्कृष्ट कार्यों को पहचान मिल रही है, जिससे समाज में सकारात्मक बदलाव का माहौल बन रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में भारत विज्ञान, रक्षा और एआइ जैसे क्षेत्रों में तेजी से प्रगति कर रहा है और वैश्विक स्तर पर अपनी मजबूत पहचान बना रहा है।
मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि उत्तराखंड, विकसित भारत के संकल्प में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है और राज्य सरकार सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण के लिए प्रतिबद्ध है। इस अवसर पर विधायक विनोद चमोली, प्रताप सिंह पंवार, सरिता डंगवाल, मोहित शर्मा और स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।







