हरदोई: यूपी में धर्म छिपाकर शादी करने का एक और मामला सामने आया है। नोएडा में काम के दौरान एक युवक की उसी कंपनी में काम कर रही मुस्लिम युवती से जान-पहचान हो गई। युवक ने अपना नाम बदलकर युवती से दोस्ती कर ली। कुछ दिन बाद दोस्ती पति-पत्नी के रिश्ते में बदल गई। दोनों ने शादी कर ली। युवक ने एक साल तक उससे साथ संबंध बनाए। युवती जब गर्भवती हुई तो युवक ने गोलियां खिलाकर उसका गर्भपात करवा दिया। कुछ दिन बीतने के बाद युवती को युवक पर शक हुआ तो उसने जानकारी जुटानी शुरू की। युवती को खोजबीन में जो पता चला उसके बाद से मानो पैरों तले से जमीन ही खिसक गई हो। युवक दूसरे धर्म का निकला। युवती ने जब इसका विरोध किया तो युवक ने उसे मारापीटा और वहां से चला आया।
मामला हरदोई जिले के पाली थाना क्षेत्र का है। एएसपी के पास पहुंची युवती ने बताया कि वह नोएडा के सूरजपुर क्षेत्र में रहकर एक कंपनी में नौकरी करती है। उसी के साथ एक युवक भी नौकरी करता था। उसने अपना नाम अली बताया था। उसके झांसे में आकर युवक से शादी कर ली। आरोपी युवक ने उसके साथ एक साल तक शारीरिक संबंध बनाए। जब वह गर्भवती हो गई तो दवा खिलाकर गर्भपात करा दिया।

शक होने पर जानकारी की तो पता चला कि उसका नाम अली नहीं बल्कि सुमित है जो पाली थाना क्षेत्र के खानू शंकरपुर का रहने वाला है। इस धोखे के बारे में बात की तो आरोप है कि युवक ने उसके साथ गाली गलौज करते हुए 11 अगस्त को लात-घूंसों से मारपीट की। फिर वहां से चला आया। अपर पुलिस अधीक्षक दुर्गेश कुमार सिंह ने बताया कि इस पूरे मामले में जांच और कार्यवाही के निर्देश संबंधित को दे दिए गए हैं। जांच के बाद आवश्यक विधिक कार्यवाही इस पूरे मामले में की जाएगी।
शादी का झांसा देकर रेप करने वाले पर केस
शाहाबाद कस्बे की रहने वाली एक युवती को शादी का झांसा देकर युवक ने कई महीने तक उसका शारीरिक शोषण किया। मामले ने तूल पकड़ा तो उसने धारदार हथियार से वार कर जान देने की कोशिश की। पुलिस ने युवक के विरुद्ध मामला दर्ज कर जांच पड़ताल शुरू कर दी है। कोतवाली में तहरीर देकर एक महिला ने कहा कि उसकी 18 वर्षीय पुत्री को कस्बे के ही रहने वाले समीर ने शादी करने का झांसा दिया। इसके बाद करीब छह माह से उससे अवैध संबंध बनाता रहा। इससे युवती गर्भवती हो गई। गुरुवार की शाम उसने समीर के दरवाजे पर जाकर परिवार वालों से शिकायत की। शादी करने को कहा तो उसे मना कर दिया गया।
साभार : Live हिन्दुस्तान





