August 31, 2026 7:18 AM

थाने मे लिखवाई रिपोर्ट पति हो गया लापता, पति चोरी के केस मे था बंद, पुलिस भी चौंक गई जब चला पता…

बरेली। बरेली में एक मामले में पत्नी के होश तब उड़ गए जब उसके पति के बारे में पुलिस ने एक बड़ा राज खोला। महिला ने पति की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज करवाई लेकिन पति की तलाश में लगी पुलिस को कुछ और जानकारी मिली जिससे सुनकर महिला हैरान रह गई। दरअसल, प्रेमनगर के इंदिरानगर की रहने वाली प्रियंका पुलिस थाने पहुंची और बताया कि उसका पति लापता हो गया है। प्रियंका की दी जानकारी के मुताबिक इंजीनियर पति विमल किशोर मौर्य शनिवार रात साढ़े नौ बजे से लापता था। प्रियंका ने अपनी रिपोर्ट में लिखवाया कि विमल का मोबाइल नंबर भी बंद जा रहा है। प्रियंका की तहरीर पर पुलिस ने गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज करके इंजीनियर की तलाश शुरू कर दी।

इसके बाद जो हुआ उससे पुलिस और प्रियंका दोनों सकते में आ गए। इंजीनियर विमल किशोर मोर्य की तलाश कर रही पुलिस को पता चला कि विमल किशोर कोतवाली पुलिस की हिरासत में है। कोतवाली पुलिस ने बताया कि सिविल लाइंस के रहने वाले डा. एमबी गौतम ने उसके खिलाफ चोरी की रिपोर्ट दर्ज कराई है। डा. एमबी गौतम ने कहा है कि ग्लोबल डेंटल हास्पिटल एंड इंप्लांट सेंटर में उन्होंने इंजीनियर विमल किशोर को मशीन ठीक करने के लिए बुलाया था। उसके जाने के बाद उन्हें जानकारी हुई कि एक्सरे का कंट्रोल बाक्स गायब है। इस मामले की जांच की गई और सेंटर के सीसीटीवी फुटेज चेक कि गए। खुलासा हुआ कि इंजीनियर ने चोरी की और उसकी ये हरकत सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई।

बताया जा रहा है कि सीसीटीवी चेक करने के बाद डाक्टर ने इंजीनियर को फोन कर हास्पिटल बुलाया। उसके वहां पहुंचते ही कोतवाली पुलिस को बुला लिया गया और उसे पुलिस हिरासत में दिया गया। वहीं लापता समझकर इंजीनियर की तलाश कर रही दूसरे थाने की पुलिस को इंस्पेक्टर कोतवाली हिमांशु निगम ने बताया कि आरोपित विमल किशोर हिरासत में है। जिस इंजीनियर पति को पत्नी गुमशुदा बता रही थी, उसकी हकीकत जानकार वह हैरान रह गई। प्रेमनगर पुलिस ने उन्हें बताया कि वह गुमशुदा नहीं है। उसने एक्स-रे मशीन का कंट्रोल बाक्स चोरी किया था। सीसीसीवी फुटेज में उसकी करतूत कैद हो गई है, इसलिए कोतवाली पुलिस ने उसे उठा लिया है। आरोपित पर चोरी का मुकदमा दर्ज है।