नैनीताल: बुधवार को नैनीताल और चंपावत में मलबे से चार-चार शव बरामद हुए हैं। जिसके बाद अब राज्य में सोमवार और मंगलवार को आई आपदा में मृतकों की संख्या 54 हो गई है। अभी भी राहत-बचाव कार्य जारी है। नैनीताल जिले में कैंची धाम के पास घर में दबी हुई रिचा (21 साल) व अभिषेक (18 साल) के शव पुलिस द्वारा निकाल लिए गए हैं। पंचायत नामा की कार्रवाई की जा रही है।
वहीं बोहरा कोट रामगढ़ में भी दो व्यक्ति संभू दत्त डालाकोटी (70 साल) बसंत डालाकोटी (59 साल) के शवों को पुलिस व एनडीआरएफ की टीम द्वारा मलबे से निकाल लिया गया है। यहां भी पंचायत नामा की कार्रवाई चल रही है।
सोमवार और मंगलवार को निरंतर बारिश के चलते उफान पर आई नदियों ने हल्द्वानी और ऊधमसिंहनगर के तराई वाले क्षेत्रों में बाढ़ जैसे हालात पैदा कर दिए थे। गौला पुल की एप्रोच रोड, बारहमासी रोड पर और चल्थी पर निर्माणाधीन पुल क्षतिग्रस्त हो गए। गढ़वाल के कुछ इलाकों में भी नुकसान हुआ, लेकिन कुमाऊं मंडल इससे ज्यादा प्रभावित हुआ।







