देहरादून। मुख्य सचिव आनन्द बर्द्धन ने गुरुवार को लखवाड़ बहुउद्देशीय परियोजना का स्थलीय निरीक्षण कर निर्माण कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने उत्तराखंड जल विद्युत निगम (यूजेवीएनएल) और कार्यदायी संस्था एलएंडटी के अधिकारियों को वर्ष 2031 तक परियोजना का निर्माण कार्य पूरा करने के निर्देश दिए। साथ ही कार्य में तेजी लाने के लिए मशीनों और मैनपावर की संख्या बढ़ाने पर विशेष जोर दिया।
मुख्य सचिव ने कहा कि लखवाड़ बहुउद्देशीय परियोजना राष्ट्रीय महत्व की योजना है, जिससे उत्तराखंड सहित कई राज्यों को लाभ मिलेगा। उन्होंने अधिकारियों को अगले दो-तीन दिनों में विस्तृत कार्ययोजना तैयार कर प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। उल्लेखनीय है कि पहले परियोजना को दिसंबर 2034 तक पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया था।
उन्होंने निर्माण कार्यों की नियमित निगरानी के लिए पर्ट चार्ट तैयार करने तथा उसका शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित करने को कहा। साथ ही परियोजना की गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता न करने और सभी आवश्यक तकनीकी परीक्षण समय पर पूरा कराने के निर्देश दिए।
मुख्य सचिव ने यूजेवीएनएल और एलएंडटी के अधिकारियों को मौके पर रहकर दैनिक, पाक्षिक और मासिक समीक्षा करने के निर्देश देते हुए कहा कि केंद्रीय जल आयोग द्वारा अपेक्षित सभी तकनीकी परीक्षण जल्द पूरे कराए जाएं। उन्होंने अधिग्रहीत भूमि का मुआवजा वितरण शीघ्र पूरा करने तथा प्रभावित परिवारों से लगातार संवाद बनाए रखते हुए उनकी समस्याओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान प्रमुख सचिव आर. मीनाक्षी सुन्दरम, यूजेवीएनएल के प्रबंध निदेशक ए.के. सिंह, एलएंडटी के महाप्रबंधक प्रभु कुमार, प्रोजेक्ट मैनेजर विष्णु मोहन श्रीवास्तव सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।





