September 24, 2026 3:46 PM

मुख्य सचिव ने की बद्रीनाथ-केदारनाथ धाम मास्टर प्लान के तहत चल रहे निर्माण और पुनर्निर्माण कार्यों की समीक्षा

देहरादून: बद्रीनाथ-केदारनाथ धाम मास्टर प्लान के तहत चल रहे निर्माण और पुनर्निर्माण कार्यों की गुरुवार को मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने सचिवालय में समीक्षा की। उन्होंने केदारनाथ पुनर्निर्माण के तहत सेंट्रल स्ट्रीट की छह इमारतों को सर्वोच्च प्राथमिकता पर रखते हुए यात्रा सीजन के बाद काम शुरू कराने के निर्देश दिए।

मुख्य सचिव ने मास्टर प्लान के तहत परिसंपत्तियों के हस्तांतरण की प्रगति की जानकारी भी ली। उन्होंने संबंधित पक्षों के साथ आवश्यक समझौते की प्रक्रिया जल्द पूरी कराने को कहा, ताकि निर्माण कार्य शुरू करने में देरी न हो।

संवेदनशील क्षेत्रों में निर्माण पर रोक

मुख्य सचिव ने मास्टर प्लान क्षेत्र से बाहर किसी भी तरह के निर्माण की अनुमति नहीं देने के निर्देश दिए। इसके लिए तत्काल शासनादेश जारी करने को कहा गया। उन्होंने विशेष रूप से संवेदनशील और हिमस्खलन संभावित क्षेत्रों में किसी भी एजेंसी को निर्माण की अनुमति नहीं देने पर जोर दिया। साथ ही सुरक्षा और पर्यावरणीय मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

बद्रीनाथ के कार्यों की भी समीक्षा

बैठक में बद्रीनाथ धाम में मास्टर प्लान के पहले और दूसरे चरण के तहत चल रहे कार्यों की प्रगति की भी समीक्षा की गई। मुख्य सचिव ने अधिकारियों को नियमित निगरानी के साथ सभी कार्य निर्धारित समयसीमा में पूरा कराने के निर्देश दिए।

बद्रीनाथ में निर्माणाधीन अस्पताल की प्रगति की जानकारी देते हुए जिलाधिकारी गौरव कुमार ने बताया कि अस्पताल को करीब 15 दिन में शुरू करने की योजना है। मुख्य सचिव ने अस्पताल संचालन से जुड़ी सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय पर पूरी करने के निर्देश दिए।

बैठक में सचिव धीराज सिंह गर्ब्याल, एपीसीसीएफ विवेक पाण्डेय, सुरेंद्र मेहरा, सीसीएफ प्रसन्ना कुमार पात्रो, अपर सचिव विनीत कुमार, हिमांशु खुराना और अभिषेक रोहिला सहित संबंधित जिलों के जिलाधिकारी मौजूद रहे।

Related Posts