June 9, 2026 12:13 PM

भीमताल झील के किनारे खिलेगा बोगनबेलिया का रंग, सीएम धामी ने शुरू किया सौंदर्यीकरण अभियान

भीमताल। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भीमताल झील क्षेत्र में पौधारोपण कर झील सौंदर्यीकरण अभियान का शुभारंभ किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल सरकारी कार्यक्रम नहीं, बल्कि जनभागीदारी से जुड़ा एक व्यापक अभियान है। मुख्यमंत्री ने झील के किनारों पर बोगनबेलिया के पौधे लगाने की पहल को अभिनव और सराहनीय प्रयास बताया।

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के तहत अपनी माता बिसना देवी के नाम पर बोगनबेलिया का पौधा रोपित किया। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की संस्कृति, परंपराएं और जीवनशैली सदैव प्रकृति के संरक्षण और संवर्धन से जुड़ी रही हैं। विश्व पर्यावरण दिवस हमें प्रकृति के प्रति अपनी जिम्मेदारियों का स्मरण कराता है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि नैनीताल जनपद अपनी झीलों के कारण विश्वभर में पहचान रखता है और हर वर्ष बड़ी संख्या में देश-विदेश के पर्यटक यहां पहुंचते हैं। ऐसे में झीलों का संरक्षण और सौंदर्यीकरण सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है। इसी उद्देश्य से भीमताल झील के किनारे बोगनबेलिया सहित विभिन्न फूलदार पौधों का रोपण किया जा रहा है, जिससे क्षेत्र की सुंदरता और आकर्षण में और वृद्धि होगी।

उन्होंने लोगों से मानसून सीजन में अधिक से अधिक पौधे लगाने, जल स्रोतों के संरक्षण, नदियों और सार्वजनिक स्थलों की स्वच्छता बनाए रखने तथा प्लास्टिक के उपयोग को कम करने का आह्वान किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण के लिए सामूहिक प्रयास समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है।

कार्यक्रम में शहरी विकास, पर्यावरण संरक्षण एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री राम सिंह कैड़ा ने भी अपनी दिवंगत माता रेवती देवी की स्मृति में पौधा रोपित किया। इसके अलावा कुमाऊं आयुक्त एवं सचिव मुख्यमंत्री दीपक रावत, जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल, मुख्य वन संरक्षक तेजस्विनी अरविंद पाटील, मुख्य विकास अधिकारी अरविंद कुमार पांडे और वन संरक्षक नितीश मणि त्रिपाठी सहित कई अधिकारियों ने भी अपनी माताओं के नाम पर पौधे लगाए।

इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष प्रताप सिंह बिष्ट, प्रभागीय वनाधिकारी आकाश गंगवार, आईटीबीपी 34वीं बटालियन के कमांडेंट हेमंत कुमार, जिला विकास अधिकारी गोपाल गिरी, मुख्य उद्यान अधिकारी प्रेमा राणा सहित जनप्रतिनिधि, प्रकृति प्रेमी और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित रहे।

Related Posts