श्रीनगर गढ़वाल। टिहरी गढ़वाल जिले की डागर पट्टी के बैजवाड़ी गांव निवासी और केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल के अधिकारी दर्शन सिंह भंडारी का राष्ट्रपति पुलिस पदक के लिए चयन हुआ है। उनकी इस उपलब्धि से बैजवाड़ी गांव सहित डागर पट्टी और पूरे कीर्तिनगर क्षेत्र में खुशी का माहौल है।
दर्शन सिंह भंडारी ने वर्ष 2001 में केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल में उपनिरीक्षक के पद से अपनी सेवा शुरू की थी। करीब ढाई दशक के सेवाकाल में उन्होंने देश के विभिन्न महत्वपूर्ण प्रतिष्ठानों में सुरक्षा संबंधी जिम्मेदारियां निभाईं। कठिन परिस्थितियों में कर्तव्यनिष्ठा, अनुशासन, ईमानदारी और समर्पण के साथ कार्य करने के लिए उन्होंने अपनी अलग पहचान बनाई।
देश की सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने में उनके योगदान और सराहनीय सेवाओं को देखते हुए उनका चयन राष्ट्रपति पुलिस पदक के लिए किया गया है। यह सम्मान उनके लंबे और उत्कृष्ट सेवाकाल का गौरवपूर्ण प्रमाण माना जा रहा है।
अपनी उपलब्धि पर दर्शन सिंह भंडारी ने कहा कि राष्ट्रपति पुलिस पदक मिलना उनके लिए गौरव का विषय है। उन्होंने यह सम्मान केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल के अपने सभी साथियों और देश की सुरक्षा में समर्पित जवानों को समर्पित किया।
उनके चयन की खबर मिलते ही क्षेत्रवासियों, जनप्रतिनिधियों, शुभचिंतकों और परिचितों ने उन्हें बधाई दी। स्थानीय लोगों ने कहा कि देश की सुरक्षा में महत्वपूर्ण योगदान देने वाले क्षेत्र के बेटे को राष्ट्रीय स्तर पर सम्मान मिलना पूरे कीर्तिनगर क्षेत्र के लिए गर्व और प्रेरणा का विषय है।




