देहरादून। चमोली की नीति घाटी में भारी बारिश के चलते उफान पर आए तमक नाले में लापता हुए सीमा सड़क संगठन के हवलदार पंकज की तलाश के लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अधिकारियों को अभियान में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं। परिजनों की ओर से सामाजिक माध्यमों पर मदद की गुहार लगाए जाने के बाद मुख्यमंत्री ने मामले का स्वतः संज्ञान लिया।
मुख्यमंत्री ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि हवलदार पंकज की तलाश के लिए चलाए जा रहे खोज एवं बचाव अभियान की लगातार निगरानी की जाए और उपलब्ध सभी संसाधनों का प्रभावी उपयोग करते हुए हरसंभव प्रयास किए जाएं। सेना, सीमा सड़क संगठन, भारत-तिब्बत सीमा पुलिस, पुलिस, जिला प्रशासन, राष्ट्रीय आपदा मोचन बल और राज्य आपदा मोचन बल की टीमें लगातार अभियान में जुटी हैं।
हवलदार पंकज पिथौरागढ़ के निवासी हैं। पिथौरागढ़ के जिलाधिकारी ने उनके परिजनों से संपर्क कर प्रशासन की ओर से हरसंभव सहयोग का भरोसा दिया है। मुख्यमंत्री कार्यालय भी परिवार से लगातार संपर्क बनाए हुए है और खोज अभियान की प्रगति की जानकारी ले रहा है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हवलदार पंकज के परिजनों से दूरभाष पर बातचीत कर उनका हाल जाना और उन्हें भरोसा दिलाया कि सरकार इस कठिन घड़ी में पूरी संवेदनशीलता के साथ उनके साथ खड़ी है। उन्होंने कहा कि हवलदार पंकज की तलाश के लिए हरसंभव प्रयास किए जा रहे हैं और परिवार को आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।



