June 6, 2026 12:53 AM

टिहरी दौरे पर मुख्य सचिव :  स्कूल-आंगनबाड़ी से लेकर खेल सुविधाओं तक परखी जमीनी हकीकत

टिहरी गढ़वाल। दो दिवसीय जनपद भ्रमण के दूसरे दिन मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने बौराड़ी क्षेत्र में शिक्षा, पोषण, पुस्तकालय और खेल सुविधाओं का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अधिकारियों को बच्चों के स्वास्थ्य, शिक्षा और खेल सुविधाओं को लेकर कई महत्वपूर्ण निर्देश दिए।

मुख्य सचिव ने राजकीय मॉडल प्राथमिक विद्यालय, आंगनबाड़ी केंद्र ढुंगीधार, श्रीदेव सुमन पुस्तकालय और बौराड़ी स्टेडियम का निरीक्षण करते हुए कहा कि सरकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक प्रभावी ढंग से पहुंचना चाहिए। उन्होंने आंगनबाड़ी केंद्रों में बच्चों के पोषण, स्वास्थ्य जांच और टीकाकरण की नियमित निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

ढुंगीधार आंगनबाड़ी केंद्र में उन्होंने बच्चों की संख्या, खेल सामग्री और पोषण आहार की जानकारी ली। इस दौरान गर्भवती और धात्री महिलाओं को पोषण किट वितरित की गईं तथा बच्चों का वजन भी मापा गया। मुख्य सचिव ने एएनएम और आशा कार्यकर्ताओं को निर्देश दिए कि वे घर-घर पहुंचकर बच्चों का टीकाकरण और स्वास्थ्य परीक्षण सुनिश्चित करें।

इसके बाद मुख्य सचिव ने राजकीय मॉडल प्राथमिक विद्यालय का निरीक्षण किया। उन्होंने मध्यान्ह भोजन योजना, विद्यार्थियों की उपस्थिति, फर्नीचर और शैक्षणिक व्यवस्थाओं की समीक्षा की। विद्यालय में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के लिए किए जा रहे प्रयासों पर संतोष जताते हुए शिक्षकों की सराहना भी की।

श्रीदेव सुमन पुस्तकालय के निरीक्षण के दौरान मुख्य सचिव ने दुर्लभ पुस्तकों, अभिलेखों और प्राचीन पांडुलिपियों के संरक्षण पर विशेष जोर दिया। अधिकारियों ने बताया कि पुरानी टिहरी से विस्थापित होने के बाद स्थापित इस पुस्तकालय में राजशाही काल से लेकर आधुनिक विषयों तक का समृद्ध साहित्य उपलब्ध है, जिसका लाभ शोधार्थियों और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे विद्यार्थियों को मिल रहा है।

बौराड़ी स्टेडियम और प्रस्तावित बैडमिंटन हॉल के निर्माण स्थल का निरीक्षण करते हुए मुख्य सचिव ने निर्माण कार्यों की गुणवत्ता और प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्धारित समय सीमा के भीतर कार्य पूरा करने के निर्देश दिए।

विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर मुख्य सचिव ने स्थानीय विधायक किशोर उपाध्याय, नगर पालिका अध्यक्ष मोहन सिंह रावत और अन्य जनप्रतिनिधियों के साथ डाइजर क्षेत्र में जैकरेण्डा के पौधे रोपित कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी नितिका खंडेलवाल, एसएसपी श्वेता चौबे, मुख्य विकास अधिकारी वरुणा अग्रवाल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।