September 10, 2026 8:00 PM

पंजाबी गौरव सम्मान में नितिन नवीन का कांग्रेस पर हमला, कहा – देश की उपलब्धियों से विपक्ष को परेशानी

रुद्रपुर। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने रुद्रपुर में आयोजित पंजाबी गौरव सम्मान समारोह में शिरकत की। कार्यक्रम में सिख समाज के हजारों लोगों ने हिस्सा लिया। तलवार और पुष्पगुच्छ भेंट कर नितिन नवीन का जोरदार स्वागत किया गया। इस दौरान ‘वाहेगुरु जी का खालसा, वाहेगुरु जी की फतेह’ के जयघोष से पूरा वातावरण गूंज उठा।

नितिन नवीन ने सिख समाज के देश के प्रति योगदान और बलिदान को याद करते हुए कहा कि पंजाब और सिख समाज का भारतीय जनता पार्टी के दिल में हमेशा विशेष स्थान रहा है। जब भी देश की सुरक्षा, सम्मान और अखंडता की बात आई, सिख समाज ने अपने जीवन का बलिदान देकर राष्ट्र की रक्षा की। उन्होंने कहा कि भाजपा स्वयं को सिख समाज की इस गौरवशाली परंपरा से जुड़ा हुआ मानती है।

उन्होंने 1984 के दंगों का जिक्र करते हुए आरोप लगाया कि तत्कालीन सत्ता में बैठे लोगों ने घटनाओं के लिए जिम्मेदार लोगों को संरक्षण दिया। नितिन नवीन ने दावा किया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र में भाजपा सरकार बनने के बाद दंगों से जुड़े मामलों में दोषियों को सजा दिलाने और पीड़ितों को न्याय दिलाने की दिशा में कदम उठाए गए।

भाजपा अध्यक्ष ने भारत की बढ़ती वैश्विक भूमिका को लेकर कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि आज पूरी दुनिया की नजर भारत पर है। उन्होंने वैश्विक सम्मेलनों का उल्लेख करते हुए कहा कि भारत अपनी क्षमता और सामर्थ्य के साथ दुनिया के सामने नेतृत्वकारी भूमिका निभा रहा है, जबकि कांग्रेस के कुछ नेताओं के बयान देश की उपलब्धियों को लेकर नकारात्मक रवैया दर्शाते हैं।

नितिन नवीन ने राहुल गांधी समेत कांग्रेस नेताओं पर विदेशों में जाकर भारत की आलोचना करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि देश की 140 करोड़ जनता भारत की प्रगति और सामर्थ्य को रोकने की कोशिशों का जवाब देगी। उन्होंने दावा किया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत लगातार आगे बढ़ रहा है और आने वाले समय में भी जनता कांग्रेस को अपने जनादेश के माध्यम से जवाब देगी।

Related Posts