देहरादून। उत्तराखंड भाजपा ने संगठन को मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए प्रदेश के सभी 19 सांगठनिक जिलों के लिए नए जिला प्रभारी और सह प्रभारी नियुक्त किए हैं। प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट की सहमति के बाद प्रदेश महामंत्री कुंदन परिहार की ओर से नई सूची जारी की गई है।
भाजपा प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर सिंह चौहान ने बताया कि उत्तरकाशी से लेकर ऊधमसिंह नगर तक सभी 19 सांगठनिक जिलों में प्रभारी और सह प्रभारी नियुक्त किए गए हैं। नई जिम्मेदारियों के जरिए जिला स्तर पर संगठनात्मक गतिविधियों को और अधिक प्रभावी बनाने का प्रयास किया जाएगा।
गढ़वाल में किसे मिली जिम्मेदारी?
नई सूची के अनुसार उत्तरकाशी में नवीन ठाकुर को प्रभारी और विनोद रतूड़ी को सह प्रभारी बनाया गया है। चमोली में संपत सिंह रावत प्रभारी और महावीर पंवार सह प्रभारी होंगे। रुद्रप्रयाग में सतीश लखेड़ा को प्रभारी और रघुवीर सिंह बिष्ट को सह प्रभारी की जिम्मेदारी दी गई है।
टिहरी में अनिल गोयल प्रभारी और सतेंद्र राणा सह प्रभारी होंगे। देहरादून ग्रामीण में नेहा जोशी को प्रभारी और पवन चौधरी को सह प्रभारी बनाया गया है। देहरादून महानगर की जिम्मेदारी राकेश गिरी को प्रभारी और संजय गुप्ता को सह प्रभारी के रूप में दी गई है।
ऋषिकेश में डॉ. स्वराज विद्वान प्रभारी और अमन त्यागी सह प्रभारी होंगे। हरिद्वार में शैलेंद्र सिंह बिष्ट प्रभारी और दीपक धीमान सह प्रभारी बनाए गए हैं। रुड़की में आदित्य चौहान को प्रभारी और रविंद्र कटारिया को सह प्रभारी की जिम्मेदारी दी गई है।
पौड़ी से कुमाऊं तक नए चेहरे
पौड़ी जिले में नलिन भट्ट को प्रभारी और रविंद्र राणा को सह प्रभारी बनाया गया है। कोटद्वार में रमेश मैखुरी प्रभारी और संदीप गोयल सह प्रभारी होंगे।
पिथौरागढ़ में निर्मल मेहरा प्रभारी और रवि रौतेला सह प्रभारी, बागेश्वर में वीरेंद्र वल्दिया प्रभारी और राकेश जोशी सह प्रभारी बनाए गए हैं। रानीखेत में प्रदीप जनौटी प्रभारी और गौरव पांडे सह प्रभारी होंगे।
अल्मोड़ा में राजेंद्र सिंह बिष्ट को प्रभारी और दीपिका बोहरा को सह प्रभारी की जिम्मेदारी दी गई है। चंपावत में गुंजन सुखीजा प्रभारी और हिमांशु बिष्ट सह प्रभारी होंगे। नैनीताल में विवेक सक्सेना प्रभारी और रणदीप पोखरिया सह प्रभारी बनाए गए हैं।
काशीपुर में पुष्कर सिंह काला प्रभारी और भारत भूषण चुग सह प्रभारी होंगे, जबकि ऊधमसिंह नगर में खिलेंद्र चौधरी को प्रभारी और साकेत अग्रवाल को सह प्रभारी की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने की कवायद
भाजपा ने ये नियुक्तियां ऐसे समय की हैं, जब पार्टी आगामी राजनीतिक और चुनावी गतिविधियों को लेकर संगठन को लगातार सक्रिय कर रही है। जिला प्रभारी और सह प्रभारी प्रदेश नेतृत्व तथा जिला संगठन के बीच महत्वपूर्ण कड़ी के रूप में काम करेंगे।
इनकी जिम्मेदारी जिलों में संगठनात्मक बैठकों, पार्टी कार्यक्रमों, अभियानों और प्रदेश नेतृत्व के निर्देशों को कार्यकर्ताओं तक पहुंचाने की होगी। नई नियुक्तियों के बाद भाजपा के सभी 19 सांगठनिक जिलों में संगठनात्मक गतिविधियों को नई जिम्मेदारियों के साथ आगे बढ़ाया जाएगा।






