August 12, 2026 12:22 PM

चमोली: मुख्यमंत्री धामी के निर्देशों का असर, रिकॉर्ड समय में तमक नाले पर यातायात सुचारु

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशों का असर तमक नाले में मार्ग बहाली के कार्य में देखने को मिला है। जिला प्रशासन और संबंधित विभागों ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तमक नाले में ह्यूम पाइप डालकर अस्थाई मोटर मार्ग तैयार कर दिया है। इसके बाद इस मार्ग पर वाहनों की आवाजाही सुचारु हो गई है।

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को जल्द से जल्द अस्थाई पुल तैयार कर यातायात बहाल करने के निर्देश दिए थे। रिकॉर्ड समय में मार्ग बहाल होने पर मुख्यमंत्री ने जिला प्रशासन और संबंधित विभागों की टीमों को बधाई दी।

नीती घाटी में भारी बारिश के बाद तमक नाला उफान पर आने से वैली ब्रिज बह गया था, जिससे क्षेत्र में वाहनों की आवाजाही बाधित हो गई थी। मुख्यमंत्री धामी लगातार पूरे घटनाक्रम की निगरानी कर रहे थे और मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन, सचिव आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास विनोद कुमार सुमन, गढ़वाल आयुक्त आनंद स्वरूप तथा चमोली के जिलाधिकारी से राहत-बचाव और मार्ग बहाली की प्रगति की जानकारी लेते रहे।

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए जिला प्रशासन और संबंधित विभागों की टीमें तत्काल मौके पर पहुंचीं और युद्धस्तर पर कार्य शुरू किया। ह्यूम पाइप डालकर अस्थाई मोटर मार्ग तैयार किए जाने के बाद अब वाहनों की आवाजाही शुरू हो गई है।

लापता व्यक्ति की तलाश जारी

तमक नाले में वैली ब्रिज बहने की घटना के बाद लापता एक व्यक्ति की तलाश दूसरे दिन भी जारी है। जिला प्रशासन, पुलिस, भारतीय सेना, भारत-तिब्बत सीमा पुलिस बल, राष्ट्रीय आपदा मोचन बल, राज्य आपदा प्रतिवादन बल और सीमा सड़क संगठन की टीमें संयुक्त रूप से खोज एवं बचाव अभियान चला रही हैं। नदी तट और आसपास के संभावित स्थानों पर गहनता से तलाश की जा रही है।

जिला प्रशासन मौके की स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है। मौसम और तमक नाले के जलस्तर को देखते हुए सुरक्षा मानकों का विशेष ध्यान रखा जा रहा है। प्रशासन ने स्थानीय लोगों और वाहन चालकों से अस्थाई मार्ग पर सावधानीपूर्वक आवागमन करने तथा मौके पर तैनात अधिकारियों के सुरक्षा निर्देशों का पालन करने की अपील की है।

Related Posts