September 6, 2026 7:18 PM

गोर्खाली समाज के तीज उत्सव को भव्य बनाएगी धामी सरकार, CM ने कहा – विकास में समाज का अहम योगदान

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने जसवंत सिंह ग्राउंड, गढ़ी कैंट में आयोजित गोर्खाली महिला हरितालिका तीज उत्सव में प्रतिभाग किया। इस दौरान उन्होंने हरितालिका तीज उत्सव को सरकारी स्तर पर और अधिक भव्य रूप से आयोजित किए जाने की घोषणा की। मुख्यमंत्री ने गोर्खाली समाज की माताओं-बहनों को तीज की शुभकामनाएं देते हुए उनके सुख-समृद्धि की कामना की।

मुख्यमंत्री ने कहा कि हरितालिका तीज माता पार्वती की तपस्या, विश्वास, समर्पण और शक्ति का प्रतीक है। ऐसे पारंपरिक पर्व नई पीढ़ी को अपनी संस्कृति और जड़ों से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि माताएं और बहनें संस्कृति, परंपराओं और संस्कारों की प्रमुख संरक्षक हैं।

गोर्खाली समाज के योगदान का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि समाज वीरता, निष्ठा, परिश्रम और राष्ट्रभक्ति के लिए जाना जाता है। देश की सीमाओं की रक्षा में गोर्खा वीरों ने अदम्य साहस का परिचय दिया है। शिक्षा, खेल, कला-साहित्य और समाज सेवा सहित विभिन्न क्षेत्रों में गोर्खाली समाज ने उत्तराखंड के विकास में महत्वपूर्ण योगदान दिया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि मसूरी विधानसभा क्षेत्र में अमर शहीद कप्तान दल बहादुर थापा की स्मृति में बनने वाला ‘आजाद हिन्द फौज शहीद द्वार’ गोर्खा समाज के शौर्य, त्याग और राष्ट्रभक्ति का प्रतीक बनेगा।

उन्होंने भारत और नेपाल के संबंधों को सदियों पुराने सांस्कृतिक और पारिवारिक रिश्तों पर आधारित बताया। नेपाल में आई प्राकृतिक आपदा पर संवेदना व्यक्त करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि इस कठिन समय में भारत नेपाल के साथ खड़ा है।

महिला सशक्तीकरण को सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता बताते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि महिलाओं को सरकारी सेवाओं में 30 प्रतिशत क्षैतिज आरक्षण दिया गया है। समान नागरिक संहिता के माध्यम से महिलाओं के अधिकारों को मजबूत करने की दिशा में भी कदम उठाए गए हैं। उन्होंने बताया कि स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से प्रदेश में तीन लाख से अधिक महिलाएं ‘लखपति दीदी’ बन चुकी हैं।

कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी, आचार्य बालकृष्ण, गीता धामी, गोर्खाली सुधार सभा के अध्यक्ष पदम सिंह थापा, गोर्खाली महिला हरितालिका तीज उत्सव समिति की अध्यक्ष प्रभा शाह, गोरखा कल्याण परिषद की अध्यक्ष ज्योति कोटिया सहित अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।

Related Posts