July 2, 2026 6:14 PM

देहरादून:मूलभूत समस्याओं को लेकर महापौर और नगर आयुक्त के पास पहुंचे द्रोण वाटिका कॉलोनी निवासी, मिला समाधान का भरोसा

देहरादून। सहस्त्रधारा रोड स्थित द्रोण वाटिका कॉलोनी की मूलभूत समस्याओं को लेकर रेजिडेंट्स सोसाइटी की वर्किंग कमेटी ने गुरुवार को नगर निगम के महापौर सौरभ थपलियाल और नगर आयुक्त आलोक पांडेय से मुलाकात की। प्रतिनिधिमंडल ने साफ-सफाई, जलभराव, रिटेनिंग वॉल निर्माण, बंदरों के आतंक और खराब स्ट्रीट लाइट जैसी समस्याओं के शीघ्र समाधान की मांग उठाई।

प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि वार्ड-59 की द्रोण वाटिका कॉलोनी में पिछले कई महीनों से नियमित सफाई नहीं होने के कारण नालियों में कचरा जमा है। इससे जलभराव, दुर्गंध और संक्रामक बीमारियों का खतरा बढ़ गया है। मानसून के मद्देनज़र स्थिति और गंभीर हो सकती है।

सोसाइटी की ओर से कॉलोनी में जलभराव और भूमि कटाव रोकने के लिए प्रस्तावित रिटेनिंग वॉल का निर्माण जल्द शुरू कराने की मांग भी की गई। प्रतिनिधियों ने बताया कि इस संबंध में पूर्व में मुख्यमंत्री स्तर से भी आश्वासन मिल चुका है, लेकिन मामला अब तक लंबित है।

बैठक में बंदरों के बढ़ते आतंक और स्ट्रीट लाइटों के बार-बार खराब रहने से सुरक्षा संबंधी चिंताओं को भी प्रमुखता से उठाया गया। स्थानीय लोगों ने कहा कि इन समस्याओं से रोजमर्रा का जीवन प्रभावित हो रहा है।

महापौर सौरभ थपलियाल ने आश्वासन दिया कि रिटेनिंग वॉल के प्रस्ताव को आगामी नगर निगम बोर्ड बैठक में रखा जाएगा। वहीं नगर आयुक्त आलोक पांडेय ने मुख्य सफाई निरीक्षक, मुख्य अभियंता और विद्युत विभाग के अधिकारियों को मौके का निरीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

दोनों अधिकारियों ने मानसून से पहले प्राथमिकता के आधार पर समस्याओं के समाधान का भरोसा दिलाया।

प्रतिनिधिमंडल में वर्किंग कमेटी के अध्यक्ष राजदेव सिंह यादव, सचिव आर.के. शर्मा, संरक्षक चंदन कुमार झा, प्रेम सिंह चौहान, उप सचिव आनंद सिंह नेगी सहित कॉलोनी के अन्य पदाधिकारी और निवासी मौजूद रहे। उन्होंने सकारात्मक आश्वासन के लिए महापौर और नगर आयुक्त का आभार भी जताया।

Related Posts