September 14, 2026 6:27 PM

CM ने दिये प्रदेश की सभी सड़कों को जल्द गड्ढामुक्त करने के निर्देश, 15 अक्टूबर के बाद खुद औचक निरीक्षण करेंगे धामी

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेश की सभी सड़कों को जल्द गड्ढामुक्त करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि मानसून के कारण क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत और सुधारीकरण के कार्यों में तेजी लाई जाए। मुख्यमंत्री ने चेतावनी भरे अंदाज में कहा कि 15 अक्टूबर के बाद वह कभी भी सड़क मार्ग से यात्रा कर व्यवस्थाओं का औचक निरीक्षण करेंगे।

सोमवार को सचिवालय में जनहित से जुड़े विभिन्न विषयों की समीक्षा करते हुए मुख्यमंत्री ने जिलाधिकारियों को अपने-अपने जनपदों में सड़कों की स्थिति की नियमित समीक्षा करने के निर्देश दिए। उन्होंने संबंधित विभागों और कार्यदायी संस्थाओं के कार्यों की प्रभावी निगरानी करने तथा सड़क निर्माण और मरम्मत में गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखने को कहा।

चारधाम यात्रा की समीक्षा करते हुए मुख्यमंत्री ने यात्रा से जुड़ी सभी व्यवस्थाओं को बेहतर बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। यात्रा मार्गों पर यातायात, स्वास्थ्य, पेयजल, स्वच्छता और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं की नियमित निगरानी की जाए। संबंधित विभाग और जिलाधिकारी आपसी समन्वय से यात्रा को सुचारु बनाए रखें।

मुख्यमंत्री ने ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ अभियान के तीसरे चरण को अधिक प्रभावी बनाने पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि शिविरों के माध्यम से अधिक से अधिक लोगों को सरकारी योजनाओं और सेवाओं का लाभ पहुंचाया जाए तथा जनसमस्याओं का यथासंभव मौके पर ही समाधान सुनिश्चित किया जाए।

बैठक में ‘सेवा संकल्प अभियान’ की तैयारियों की भी समीक्षा की गई। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को जनसेवा, जनभागीदारी और जनकल्याण को केंद्र में रखते हुए अभियान के तहत प्रस्तावित कार्यक्रमों का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

स्वाइन फ्लू सहित संक्रामक और जलजनित रोगों की रोकथाम को लेकर भी मुख्यमंत्री ने सभी आवश्यक तैयारियां पूरी रखने को कहा। उन्होंने जिलाधिकारियों को समय-समय पर अस्पतालों का निरीक्षण करने तथा साफ-सफाई, आवश्यक दवाइयों और चिकित्सा सामग्री की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि जनकल्याण से जुड़े कार्यों में किसी भी स्तर पर शिथिलता नहीं होनी चाहिए। शासन और प्रशासन के अधिकारी आपसी समन्वय से काम करते हुए सरकार की योजनाओं और सेवाओं का लाभ पात्र लोगों तक समयबद्ध रूप से पहुंचाना सुनिश्चित करें।