खटीमा: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अपने गृह क्षेत्र खटीमा के सीमांत गांव बग्गा-54 में आयोजित जनसंपर्क एवं मुख्य सेवक जनसंवाद कार्यक्रम में ग्रामीणों से संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं। इस दौरान उन्होंने राजस्व ग्राम का दर्जा और भूमि अधिकार की मांग पर सकारात्मक आश्वासन देते हुए कहा कि सरकार इस दिशा में कार्रवाई को आगे बढ़ा रही है और गांव की सुरक्षा एवं विकास को प्राथमिकता दी जाएगी।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री का स्थानीय लोगों ने पारंपरिक अंदाज में गर्मजोशी से स्वागत किया। अपने संबोधन में उन्होंने केंद्र सरकार के 12 वर्षों की उपलब्धियों और राज्य सरकार की विकास योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि देश प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में विकास, सुशासन और जनकल्याण के नए आयाम स्थापित कर रहा है।
सीएम धामी ने कहा कि समान नागरिक संहिता (यूसीसी) उत्तराखंड से शुरू हुई एक ऐसी पहल है, जो पूरे देश में समान अधिकार और समान न्याय की भावना को मजबूत करेगी। उन्होंने इसकी तुलना गंगोत्री से निकलने वाली गंगा की धारा से करते हुए कहा कि यह पूरे देश को जोड़ने का कार्य करेगी।
मुख्यमंत्री ने प्रदेश में लागू नकल विरोधी कानून को युवाओं के भविष्य की सुरक्षा के लिए ऐतिहासिक कदम बताया। उन्होंने कहा कि इस कानून के तहत 100 से अधिक नकल माफियाओं को जेल भेजा जा चुका है और पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया के माध्यम से अब तक 33 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरियां दी गई हैं।
उन्होंने बग्गा-54 के ग्रामीणों को भरोसा दिलाया कि सीमांत क्षेत्रों के विकास, मूलभूत सुविधाओं के विस्तार और स्थानीय जनता के हितों की रक्षा के लिए सरकार पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है तथा क्षेत्र की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान किया जाएगा।
अंतरराष्ट्रीय क्याकिंग प्रतियोगिता की तैयारियों का लिया जायजा
खटीमा कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने ऊधम सिंह नगर के गदरपुर में प्रस्तावित अंतरराष्ट्रीय क्याकिंग एवं कैनोइंग प्रतियोगिता के आयोजन स्थल का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था, खिलाड़ियों के आवास, दर्शक दीर्घा, पार्किंग, स्वच्छता, चिकित्सा सुविधाओं और अन्य व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को सभी तैयारियां समय पर और उच्च गुणवत्ता के साथ पूरी करने के निर्देश दिए। इस दौरान विधायक अरविंद पांडे भी उनके साथ मौजूद रहे।
रुद्रपुर में मंत्री प्रदीप बत्रा की प्रेस वार्ता
वहीं रुद्रपुर स्थित भाजपा जिला कार्यालय में केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर आयोजित ‘विकास, विश्वास एवं जनकल्याण’ विषयक प्रेस वार्ता में कैबिनेट मंत्री एवं जनपद प्रभारी मंत्री प्रदीप बत्रा ने केंद्र सरकार की उपलब्धियों और विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी साझा करते हुए कहा कि मोदी सरकार ने विकास और सुशासन का नया मॉडल स्थापित किया है।







