September 5, 2026 4:22 PM

CM धामी ने देखी ‘हनुमान अंश’, फिल्म, बाबा नीब करौरी महाराज की भक्ति और सेवा भावना से हुए अभिभूत

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हाथीबड़कला स्थित सेंट्रियो मॉल के सिनेमा हॉल में बाबा नीब करौरी महाराज के जीवन, भक्ति, सेवा और आध्यात्मिक यात्रा पर आधारित फिल्म हनुमान अंश’ देखी। इस दौरान मुख्यमंत्री की धर्मपत्नी गीता धामी, कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी, विधायक प्रदीप बत्रा सहित विभिन्न दायित्वधारी और अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।

फिल्म देखने के बाद मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि भारत की संत परंपरा सदैव समाज को सत्य, सेवा, करुणा और आध्यात्मिकता का मार्ग दिखाती रही है। बाबा नीब करौरी महाराज का जीवन इसी महान परंपरा का प्रेरणादायी उदाहरण है। उनकी भक्ति, मानव सेवा और सभी के प्रति प्रेम का संदेश आज भी प्रासंगिक है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड देवभूमि के साथ महान संतों और आध्यात्मिक परंपराओं की भूमि भी है। बाबा नीब करौरी महाराज का कैंची धाम आज देश-दुनिया में श्रद्धा और आस्था का प्रमुख केंद्र बन चुका है। संतों के जीवन और संदेश को जन-जन तक पहुंचाने वाले रचनात्मक प्रयास भारतीय संस्कृति और सनातन मूल्यों को नई पीढ़ी से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

उन्होंने कहा कि हनुमान अंश’ में भक्ति, सेवा, प्रेम, करुणा, विनम्रता और मानव कल्याण की भावना को प्रमुखता से प्रस्तुत किया गया है। फिल्म के माध्यम से बाबा नीब करौरी महाराज की आध्यात्मिक यात्रा और उनके जीवन मूल्यों को सामने लाने का प्रयास किया गया है।

मुख्यमंत्री ने फिल्म के निर्माताओं और पूरी टीम के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि भारतीय संस्कृति, आध्यात्मिक विरासत और संत परंपरा पर आधारित प्रेरणादायी फिल्में समाज में सेवा, संस्कार और मानवीय मूल्यों के प्रति जागरूकता बढ़ाने में सहायक होती हैं।

उल्लेखनीय है कि फिल्म का निर्देशन विशाल चतुर्वेदी ने किया है और इसमें शोभिनव सतैया सहित अन्य कलाकारों ने प्रमुख भूमिकाएं निभाई हैं। फिल्म 7 अगस्त 2026 को हिंदी में देशभर में प्रदर्शित हुई।

Related Posts