देहरादून: सहसपुर कोतवाली क्षेत्र के बैरागीवाला में दो पक्षों के बीच हुए खूनी संघर्ष के बाद मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने घटना की कड़ी निंदा करते हुए दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का संदेश दिया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि देवभूमि उत्तराखंड की शांति और सामाजिक सौहार्द को बिगाड़ने की कोशिश करने वाली जिहादी और हिंसक मानसिकता को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि देहरादून में हुई इस घटना की जितनी निंदा की जाए उतनी कम है। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि जो लोग कानून को चुनौती देने का दुस्साहस करेंगे, उन्हें ऐसा दंड दिया जाएगा कि भविष्य में कोई भी इस तरह की हरकत करने से पहले हजार बार सोचेगा।
आपसी विवाद बना खूनी संघर्ष
शनिवार को सहसपुर थाना क्षेत्र के बैरागीवाला में दो पक्षों के बीच हुई कहासुनी देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गई। इस दौरान एक युवक की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य लोग घायल हो गए। घटना के बाद इलाके में तनाव फैल गया और बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया।
आगजनी और पत्थरबाजी से बढ़ा तनाव
रविवार सुबह घटना से आक्रोशित लोगों ने आरोपियों के घरों के आसपास आगजनी की और पत्थरबाजी की घटनाएं भी सामने आईं। पत्थरबाजी में कुछ लोगों के घायल होने की सूचना है। हालात को नियंत्रित करने के लिए पुलिस और प्रशासन लगातार मौके पर निगरानी बनाए हुए हैं।
तीन आरोपी गिरफ्तार, बुलडोजर कार्रवाई भी हुई
पुलिस ने मामले में अब तक तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। वहीं जिला प्रशासन ने कार्रवाई करते हुए तीनों आरोपियों के घरों पर बुलडोजर चलाकर अवैध निर्माण को ध्वस्त किया।
इलाके में सुरक्षा के कड़े इंतजाम
घटना के बाद पूरे क्षेत्र में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। प्रशासन का कहना है कि कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए हर गतिविधि पर पैनी नजर रखी जा रही है और किसी भी तरह की अफवाह या शांति भंग करने की कोशिश करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।







