August 29, 2026 12:33 PM

रुद्रपुर त्रिशूल चौक भड़काऊ भाषण मामले में सीएम धामी सख्त, बोले- कानून तोड़ने वालों पर होगी कड़ी कार्रवाई

रुद्रपुर। रुद्रपुर के त्रिशूल चौक पर जुलूस-ए-मोहम्मदी के दौरान दिए गए कथित भड़काऊ भाषण को लेकर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सख्त रुख अपनाया है। चंपावत रवाना होने से पहले खटीमा के लोहियाहेड हेलीपैड पर मीडिया से बातचीत में मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड में कानून का राज है और कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि त्रिशूल चौक पर दिया गया कथित उन्मादी भाषण केवल एक व्यक्ति का बयान नहीं, बल्कि ऐसी विचारधारा का हिस्सा है जो देश के संविधान और कानून व्यवस्था को चुनौती देती है। उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रदेश में इस तरह की गतिविधियों को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। मुख्यमंत्री के अनुसार प्रशासन संबंधित लोगों की तलाश कर रहा है और उनके खिलाफ कानून के अनुसार कार्रवाई की जाएगी।

मुख्यमंत्री ने अतिक्रमण के खिलाफ सरकार के अभियान को भी जारी रखने की बात कही। उन्होंने दावा किया कि प्रदेश में अब तक करीब 13 हजार एकड़ भूमि को अतिक्रमण से मुक्त कराया जा चुका है। उन्होंने कहा कि सरकारी भूमि पर अवैध कब्जे के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।

रक्षाबंधन के अवसर पर मुख्यमंत्री ने प्रदेश की महिलाओं को शुभकामनाएं देते हुए महिला सशक्तीकरण के लिए सरकार की ओर से किए जा रहे प्रयासों का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश की महिलाएं स्वयं सहायता समूहों, राजनीति, सामाजिक क्षेत्र और व्यापार समेत विभिन्न क्षेत्रों में आगे बढ़ रही हैं।

मुख्यमंत्री ने बताया कि सरकारी नौकरियों में महिलाओं के लिए 30 प्रतिशत आरक्षण की व्यवस्था है, जबकि सहकारिता के क्षेत्र में 33 प्रतिशत आरक्षण के माध्यम से महिलाओं को आगे बढ़ाने का काम किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश की महिलाओं की समृद्धि और उनके सर्वांगीण विकास के लिए सरकार विभिन्न योजनाओं के माध्यम से लगातार काम कर रही है।

Related Posts