May 8, 2026 12:37 PM

सीएम धामी ने उत्तराखंड को दी बड़ी सौगात, 135 करोड़ रुपए के विकास कार्यों को दी मंजूरी

देहरादून। पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेश के विभिन्न जिलों में विकास कार्यों और विभागीय योजनाओं के लिए करीब 135 करोड़ की वित्तीय स्वीकृतियां प्रदान की हैं। शिक्षा क्षेत्र में भी सरकार ने बड़ा निर्णय लेते हुए आरटीई अधिनियम के तहत निजी विद्यालयों में अध्ययनरत बच्चों की शुल्क प्रतिपूर्ति के लिए वित्तीय वर्ष 2025-26 की द्वितीय किस्त के रूप में 84.89 करोड़ रुपये जारी करने को स्वीकृति दी है।

मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि स्वीकृत धनराशि का उपयोग समयबद्ध, पारदर्शी और निर्धारित मानकों के अनुरूप किया जाए, ताकि जनहित से जुड़े कार्यों में तेजी लाई जा सके।
मुख्यमंत्री ने ऊधम सिंह नगर के सितारगंज में निर्माणाधीन पर्वतीय विकास भवन के शेष कार्यों के लिए 79.87 लाख तथा खटीमा में शहीद स्थल पर शेड निर्माण के लिए 20.41 लाख रुपये की स्वीकृति दी है।

वहीं, टिहरी गढ़वाल के धनोल्टी क्षेत्र स्थित ग्राम विराड़ में नाग देवता मंदिर के निर्माण एवं सुंदरीकरण के लिए 49.86 लाख रुपये और देवप्रयाग क्षेत्र के सूर्य देवी मंदिर पलेठी बनगढ़ के सुंदरीकरण को 98.59 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं। इसके अलावा उन्होंने पिथौरागढ़ जिले के धारचूला क्षेत्र स्थित दांतू गांव में ऐतिहासिक भवनों के जीर्णोद्धार एवं सुंदरीकरण लिए 35 लाख की स्वीकृति प्रदान की है।
मुख्यमंत्री ने डॉ. आरएस टोलिया उत्तराखंड प्रशासन अकादमी के व्यय के लिए 2.75 करोड़ रुपये तथा उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग के लिए 7.57 करोड़ रुपये की धनराशि जारी करने को स्वीकृति दी है।
इसके साथ ही पुलिस विभाग के विभिन्न अधिष्ठानों के लिए बजट प्रविधान के सापेक्ष 50 प्रतिशत राशि के रूप में 35.74 करोड़ जारी किए जाने को स्वीकृति दी गई है। वहीं होमगार्ड्स विभाग के लिए एक करोड़ की धनराशि अवमुक्त करने का अनुमोदन भी मुख्यमंत्री ने प्रदान किया।
इधर, मुख्यमंत्री ने पौड़ी गढ़वाल जिले में मोलन-खंडाह-भिंताई मोटर मार्ग का नाम शहीद कमल सिंह नेगी के नाम पर रखे जाने को भी अनुमोदन प्रदान किया है।