June 24, 2026 12:20 PM

मुख्य सचिव आनंद बर्धन ने सभी जिलाधिकारियों को दिये ग्रोथ सेंटरों की क्षमता बढ़ाने के निर्देश, लखपति दीदी योजना को मिलेगी नई रफ्तार

देहरादून। मुख्य सचिव आनंद बर्धन ने राज्य के सभी जिलाधिकारियों को ग्रोथ सेंटरों की व्यापक समीक्षा कर उनकी क्षमता बढ़ाने के लिए ठोस कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए हैं। सचिवालय सभागार में आयोजित REAP (ग्रामीण वेग वृद्धि उद्यम परियोजना-ग्रामोत्थान) एवं लखपति दीदी योजना की समीक्षा बैठक में उन्होंने ग्रामीण उद्यमिता और महिला सशक्तिकरण को और गति देने पर जोर दिया।

मुख्य सचिव ने कहा कि प्रत्येक जिले में संचालित ग्रोथ सेंटरों की संख्या, उनकी सक्रियता और वार्षिक टर्नओवर का आकलन किया जाए। जिन ग्रोथ सेंटरों में विस्तार और सुधार की संभावनाएं हैं, उनके लिए व्यवहारिक सुझावों के आधार पर कार्ययोजना तैयार की जाए, ताकि ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती मिल सके।

बैठक में लखपति दीदी योजना की समीक्षा करते हुए आनंद बर्धन ने कहा कि जो महिलाएं पहले से लखपति दीदी बन चुकी हैं, उनकी आय को स्थिर और निरंतर बनाए रखने के प्रयास किए जाएं। साथ ही कम आय वर्ग की महिलाओं को विभिन्न आजीविका गतिविधियों से जोड़कर उनकी आय बढ़ाने की दिशा में प्रभावी कदम उठाए जाएं।

उन्होंने स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से महिलाओं को बैंकिंग सेवाओं, ऋण सुविधाओं और विभिन्न सरकारी योजनाओं से जोड़कर आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने के निर्देश दिए। विभागीय योजनाओं के कन्वर्जेंस के माध्यम से महिलाओं को अधिक लाभ पहुंचाने पर भी बल दिया गया।

मुख्य सचिव ने जिन जनपदों में आरसेटी (R-SETI) भवन निर्माण प्रस्तावित है, वहां निर्माण कार्य में तेजी लाने और समयबद्ध तरीके से उन्हें पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कौशल विकास और प्रशिक्षण के लिए मजबूत आधारभूत ढांचा तैयार करना ग्रामीण उद्यमिता को बढ़ावा देने में अहम भूमिका निभाएगा।

बैठक के अंत में मुख्य सचिव ने REAP और लखपति दीदी योजना के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए सभी विभागों को इंटीग्रेटेड अप्रोच अपनाने, बेहतर समन्वय स्थापित करने और योजनाओं की नियमित समीक्षा कर अपेक्षित परिणाम सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बैठक में शासन के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे, जबकि सभी जिलाधिकारी और संबंधित अधिकारी वर्चुअल माध्यम से शामिल हुए।

Related Posts