July 25, 2026 4:13 AM

यूटीयू सेमेस्टर परीक्षा प्रश्नपत्र लीक मामले में सहायक प्रोफेसर गिरफ्तार, CM ने कहा – युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ करने वालों को नहीं बख्शेंगे

देहरादून। उत्तराखंड प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (यूटीयू) की सम-सेमेस्टर परीक्षा के प्रश्नपत्र लीक मामले में दून पुलिस ने एक सहायक प्रोफेसर को गिरफ्तार किया है। आरोपी पर आरोप है कि उसने परीक्षा से पहले व्हाट्सएप ग्रुप के माध्यम से छात्रों के साथ महत्वपूर्ण प्रश्न साझा कर परीक्षा की गोपनीयता भंग की।

पुलिस के अनुसार, विश्वविद्यालय के परीक्षा नियंत्रक की शिकायत पर प्रेमनगर कोतवाली में मामला दर्ज किया गया। शिकायत में बताया गया कि 8 जुलाई को आयोजित परीक्षा के संबंध में विश्वविद्यालय को एक ई-मेल प्राप्त हुआ, जिसमें 3 जुलाई को परीक्षा से पहले छात्रों के व्हाट्सएप ग्रुप पर महत्वपूर्ण प्रश्न साझा किए जाने की जानकारी दी गई थी।

विश्वविद्यालय की आंतरिक जांच समिति द्वारा जांच में पाया गया कि साझा किए गए प्रश्नों और वास्तविक प्रश्नपत्र में काफी समानता थी। इसके बाद पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पुलिस ने दस्तावेजी साक्ष्य, गवाहों के बयान और अन्य प्रमाण जुटाने के बाद आरोपी आशीष कुमार गुप्ता (40 वर्ष), निवासी सहारनपुर, उत्तर प्रदेश को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस ने बताया कि आरोपी से बरामद इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों की जांच की जा रही है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि इस मामले में अन्य कोई व्यक्ति शामिल था या नहीं। जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

CM धामी बोले- युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ करने वालों को नहीं बख्शेंगे

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि उत्तराखंड सरकार परीक्षा प्रणाली को पूरी तरह निष्पक्ष और पारदर्शी बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि भर्ती परीक्षा हो या विश्वविद्यालय की परीक्षा, पेपर लीक और नकल कराने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

सीएम धामी ने कहा कि राज्य में लागू सख्त नकलरोधी कानून के तहत अब तक 100 से अधिक नकल माफियाओं और उनके सहयोगियों पर कार्रवाई की जा चुकी है।

उन्होंने साफ कहा कि मेहनती और प्रतिभाशाली युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ करने वालों को किसी भी कीमत पर नहीं छोड़ा जाएगा।

Related Posts