November 29, 2026 8:13 AM

गौ संरक्षण को ग्रामीण अर्थव्यवस्था और किसानों की समृद्धि से जोड़ने पर CM धामी का जोर, मथुरा में कई प्रकल्पों का लोकार्पण और शिलान्यास

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि गौ संरक्षण का संबंध केवल धार्मिक आस्था तक सीमित नहीं है, बल्कि इसका सीधा जुड़ाव ग्रामीण अर्थव्यवस्था, प्राकृतिक खेती और किसानों की समृद्धि से है। गौ सेवा को आधुनिक शिक्षा, वैज्ञानिक अनुसंधान, चिकित्सा और प्रशिक्षण से जोड़ने की आवश्यकता है। मुख्यमंत्री शनिवार को उत्तर प्रदेश के मथुरा जिले के फरह स्थित गऊ-ग्राम, परखम में दीनदयाल कामधेनु गौशाला समिति के विभिन्न प्रकल्पों के लोकार्पण एवं शिलान्यास कार्यक्रम में शामिल हुए।

इस दौरान पशु आयुर्वेद एवं पारंपरिक ज्ञान में एक वर्षीय स्नातकोत्तर डिप्लोमा पाठ्यक्रम का शुभारंभ किया गया। इसके साथ ही आयुर्वेद एवं पंचगव्य अनुसंधान केंद्र तथा श्री नंदीश्वर छात्रावास का लोकार्पण किया गया। वहीं आयुर्वेद महाविद्यालय एवं चिकित्सालय, पशु चिकित्सा महाविद्यालय और आवासीय परिसर का शिलान्यास किया गया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि मथुरा भारतीय संस्कृति और आध्यात्मिक चेतना का प्रमुख केंद्र है। भगवान श्रीकृष्ण के जीवन के अनेक प्रसंग गौमाता के प्रति उनके प्रेम और सम्मान को दर्शाते हैं। दीनदयाल कामधेनु गौशाला समिति गौ सेवा को गोवंश संरक्षण तक सीमित न रखकर आधुनिक शिक्षा, वैज्ञानिक अनुसंधान, चिकित्सा और प्रशिक्षण से जोड़ने का कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि प्राचीन परंपराओं और आधुनिक विज्ञान के समन्वय से गौ संरक्षण एवं संवर्धन के क्षेत्र में नई संभावनाएं विकसित की जा सकती हैं।

उन्होंने कहा कि लोकार्पित और शिलान्यास किए गए प्रकल्प भविष्य में पशु चिकित्सा, अनुसंधान और गौ संरक्षण के क्षेत्र में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। यहां से प्रशिक्षित होने वाले विद्यार्थी और शोधार्थी भारतीय ज्ञान परंपरा को आगे बढ़ाने में योगदान देंगे।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने उत्तराखंड और ब्रजभूमि के बीच मां यमुना के आध्यात्मिक संबंधों का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि यमुनोत्री धाम से निकलने वाली मां यमुना उत्तराखंड के अनेक क्षेत्रों को जीवन प्रदान करते हुए ब्रजभूमि तक पहुंचती हैं। उत्तराखंड के हरिपुर-कालसी का भी ऐतिहासिक और धार्मिक महत्व है। मान्यता है कि प्राचीन समय में यमुनोत्री धाम की यात्रा शुरू करने से पहले श्रद्धालु हरिपुर-कालसी में मां यमुना के दर्शन और स्नान करते थे।

मुख्यमंत्री ने बताया कि हरिपुर-कालसी की प्राचीन धार्मिक पहचान को पुनर्स्थापित करने के उद्देश्य से वहां मां यमुना के भव्य घाट का निर्माण कराया गया है और मां यमुना की प्रतिमा स्थापित की गई है। राज्य सरकार का प्रयास है कि हरिपुर-कालसी को मां यमुना के प्रमुख धार्मिक एवं आध्यात्मिक केंद्र के रूप में विकसित किया जाए। उन्होंने संत समाज और श्रद्धालुओं को हरिपुर-कालसी पहुंचकर मां यमुना की आरती में शामिल होने का निमंत्रण भी दिया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि संस्कृति और परंपराओं का संरक्षण केवल उनके गौरव का उल्लेख करने से नहीं, बल्कि ठोस प्रयासों से संभव है। नदियों और गोवंश का संरक्षण तथा अनुसंधान को नई दिशा देना हमारी सांस्कृतिक विरासत को आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाने के लिए जरूरी है। उन्होंने दीनदयाल कामधेनु गौशाला समिति के प्रयासों को उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश सहित पूरे देश के लिए अनुकरणीय बताया।

उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत के संकल्प को साकार करने में सभी से योगदान देने का आह्वान किया और समिति के पदाधिकारियों, गौ सेवकों एवं सहयोगियों को विभिन्न प्रकल्पों के लोकार्पण और शिलान्यास की बधाई दी।

कार्यक्रम में केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण तथा ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान, निरंजन पीठाधीश्वर आचार्य महामंडलेश्वर स्वामी कैलाशानंद गिरि महाराज, श्री पंच दशनाम जूना अखाड़े के आचार्य महामंडलेश्वर स्वामी अवधेशानंद गिरि महाराज, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की अखिल भारतीय कार्यकारिणी के सदस्य सुरेश सोनी सहित समिति के पदाधिकारी और गणमान्य लोग मौजूद रहे।

Related Posts