November 27, 2026 9:59 PM

सीएम धामी ने तीन गंगा कॉरिडोर की समीक्षा की, दिसंबर 2026 तक पूरे होंगे हरिद्वार के कई विकास कार्य

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेश की तीन महत्वपूर्ण परियोजनाओं हरिद्वार गंगा कॉरिडोर, ऋषिकेश गंगा कॉरिडोर और शारदा रिवरफ्रंट कॉरिडोर की प्रगति की समीक्षा करते हुए निर्माण कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि जो परियोजनाएं शुरू की जा सकती हैं, उनकी जरूरी प्रक्रियाएं जल्द पूरी कर काम शुरू कराया जाए। अगले एक माह के भीतर कुछ परियोजनाओं के काम धरातल पर दिखाई देने चाहिए।

शुक्रवार को मुख्यमंत्री आवास में उत्तराखंड निवेश और आधारभूत संरचना विकास बोर्ड की पांचवीं बैठक में मुख्यमंत्री ने परियोजनाओं की भौतिक और वित्तीय प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि विकास योजनाओं में क्षेत्र विशेष की पहचान, स्थानीय संस्कृति, धार्मिक महत्व और प्राकृतिक विशिष्टताओं का ध्यान रखा जाए। इससे पर्यटन और रोजगार की संभावनाओं को भी बढ़ावा मिलेगा।

बैठक में बताया गया कि हरिद्वार गंगा कॉरिडोर के तहत 3,297 करोड़ रुपये की परियोजनाएं प्रस्तावित हैं। इनमें करीब 495 करोड़ रुपये की परियोजनाएं क्रियान्वयन के चरण में हैं। प्रशासनिक मार्ग का 75 प्रतिशत, हरकी पैड़ी के उत्तरी क्षेत्र का 70 प्रतिशत, हरकी पैड़ी और सुभाष घाट के पुनर्विकास का 50 प्रतिशत तथा रोड़ी बेलवाला क्षेत्र का 45 प्रतिशत काम पूरा हो चुका है। मां मनसा देवी और मां चंडी देवी मंदिरों के पहुंच मार्गों का काम क्रमशः 55 और 50 प्रतिशत पूरा हुआ है। इन कार्यों को दिसंबर 2026 तक पूरा करने का लक्ष्य है। वहीं, सतीकुंड के पुनर्विकास का 30 प्रतिशत काम पूरा हो चुका है, जिसे अप्रैल 2027 तक पूरा किया जाना है।

ऋषिकेश गंगा कॉरिडोर के तहत 3,456 करोड़ रुपये की परियोजनाएं प्रस्तावित हैं। इनमें 274 करोड़ रुपये के कार्य चल रहे हैं। जानकी झूला के समीप एकीकृत कमांड एवं कंट्रोल सेंटर का 39 प्रतिशत निर्माण पूरा हो चुका है। इसे जून 2027 तक पूरा करने का लक्ष्य है। इसके अलावा 115.07 करोड़ रुपये से त्रिवेणी घाट का विकास, 35.78 करोड़ रुपये से आस्था पथ का सौंदर्यीकरण और 32.28 करोड़ रुपये से चंद्रभागा पैदल पुल का निर्माण किया जा रहा है। शिवपुरी और नीम बीच में राफ्टिंग तथा पर्यटक सुविधाओं का भी विकास किया जा रहा है।

शारदा रिवरफ्रंट कॉरिडोर के तहत 1,526 करोड़ रुपये की परियोजनाएं प्रस्तावित हैं, जिनमें 340.49 करोड़ रुपये के कार्य क्रियान्वयन के चरण में हैं। आपदा जोखिम कम करने के लिए 85.23 करोड़ रुपये से विकसित किए जा रहे पारिस्थितिक कॉरिडोर का 75 प्रतिशत काम पूरा हो चुका है। 184.20 करोड़ रुपये की लागत से शारदा घाट के पुनर्विकास का 30 प्रतिशत और 66.49 करोड़ रुपये की शहरी जल निकासी योजना के पहले चरण का 13 प्रतिशत काम पूरा हुआ है। टनकपुर बस टर्मिनल का निर्माण अंतिम चरण में है।

बैठक में बताया गया कि तीनों कॉरिडोर के तहत कुल 8,279 करोड़ रुपये की परियोजनाएं प्रस्तावित हैं। इनमें करीब 1,109 करोड़ रुपये के कार्य क्रियान्वयन के चरण में हैं। इन परियोजनाओं से 21 हजार से 27 हजार लोगों को प्रत्यक्ष और 45 हजार से 53 हजार लोगों को अप्रत्यक्ष रोजगार मिलने का अनुमान है।

इसके अलावा श्रीनगर-बेलकेदार क्षेत्र में करीब 72 हेक्टेयर भूमि पर आध्यात्मिक आर्थिक क्षेत्र विकसित करने की योजना की प्रगति की जानकारी दी गई। बैठक में साहसिक पर्यटन के सुरक्षित और सुनियोजित विकास, पर्यटक सुविधाओं के विस्तार, निजी निवेश और परियोजनाओं की निगरानी से जुड़े प्रस्तावों पर भी चर्चा हुई।

बैठक में कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज, प्रदीप बत्रा, अवस्थापना अनुश्रवण परिषद के उपाध्यक्ष विश्वास डाबर, मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन सहित शासन और संबंधित कार्यदायी संस्थाओं के अधिकारी मौजूद रहे।

Related Posts