हरिद्वार। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को मंगलौर में आयोजित जन आशीर्वाद रैली को संबोधित करते हुए क्षेत्र के विकास से जुड़ी कई घोषणाएं कीं। उन्होंने लिब्बरहेड़ी में कन्या डिग्री कॉलेज के निर्माण और गंगनहर पर वर्षों से बंद पड़े पुल को दोबारा बनवाने की घोषणा की। इसके साथ ही नारसन खुर्द में नाले की सफाई और पक्के नाले का निर्माण भी कराया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने मंगलौर से गुरुकुल बाईपास की ओर जाने वाली सराय राजवाहे की पटरी का निर्माण, टिकौला कलां में सिलाखाला पर तटबंध और ब्रह्मपुर जट में सड़क निर्माण कराने की भी घोषणा की। ट्यूबवेल के बिजली बिल माफ करने की मांग पर उन्होंने परीक्षण कराने का आश्वासन दिया। गन्ना मूल्य बढ़ाने की मांग पर मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार किसानों के हित में हर साल मूल्य बढ़ाने का प्रयास करती रही है और इस वर्ष भी जल्द निर्णय लिया जाएगा।
धामी ने कहा कि मंगलौर अपनी सांस्कृतिक विरासत, सामाजिक एकता और मेहनतकश लोगों के लिए जाना जाता है। क्षेत्र के किसान, व्यापारी, श्रमिक और छोटे उद्यमी अर्थव्यवस्था को मजबूती दे रहे हैं। सरकार स्वास्थ्य, सड़क, पेयजल और अन्य बुनियादी सुविधाओं के विस्तार के लिए लगातार काम कर रही है।
मुख्यमंत्री ने क्षेत्र में हुए विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए बताया कि मंगलौर विधानसभा क्षेत्र में प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत एक हजार से अधिक लोगों को आवास दिए गए हैं। स्वच्छ भारत मिशन के तहत 21 हजार से अधिक घरों में शौचालय बनाए गए हैं और 32 हजार से अधिक लोगों के आयुष्मान कार्ड बने हैं। जल जीवन मिशन के तहत 58 करोड़ रुपये से अधिक की लागत वाली 27 पेयजल पंपिंग योजनाओं को मंजूरी दी गई है। लिब्बरहेड़ी की आंतरिक सड़कों के निर्माण के लिए एक करोड़ रुपये से अधिक की धनराशि स्वीकृत की गई है।
किसानों के हितों पर मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि के तहत प्रदेश के किसानों के खातों में अब तक तीन हजार करोड़ रुपये से अधिक भेजे जा चुके हैं। किसानों को तीन लाख रुपये तक का ब्याजमुक्त ऋण, नहरों से निःशुल्क सिंचाई और कृषि उपकरणों की खरीद पर 80 प्रतिशत तक अनुदान दिया जा रहा है।
धामी ने कहा कि सरकार बिना भेदभाव के समाज के हर वर्ग तक जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचा रही है। सुशासन और कानून-व्यवस्था को मजबूत करने के लिए समान नागरिक संहिता, सख्त नकल विरोधी कानून और दंगा रोधी कानून लागू किए गए हैं। भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई में 200 से अधिक लोगों को जेल भेजा गया है। वहीं, पिछले पांच वर्षों में 35 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरियां दी गई हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि युवाओं को रोजगार, किसानों की आय में वृद्धि और महिलाओं का सशक्तीकरण सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है। उत्तराखंड को देश का सर्वश्रेष्ठ राज्य बनाने के संकल्प के साथ सरकार काम कर रही है।
कार्यक्रम में पूर्व कैबिनेट मंत्री करतार सिंह भड़ाना, कैबिनेट मंत्री प्रदीप बत्रा, राज्यसभा सांसद कल्पना सैनी, जिला पंचायत अध्यक्ष किरण चौधरी, रुड़की की महापौर अनीता अग्रवाल, पूर्व मंत्री स्वामी यतीश्वरानंद सहित कई जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे।









