November 23, 2026 10:41 AM

यशपाल आर्य के साथ हंसते-मुस्कुराते तस्वीरें आईं सामने, पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने नाराजगी की चर्चाओं को बताया गलत प्रचार

देहरादून। बागेश्वर में कांग्रेस कार्यक्रम के दौरान पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत और नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य के बीच माला पहनाने को लेकर हुई खींचतान का वीडियो वायरल होने के बाद शुरू हुई विवाद की चर्चाओं पर हरीश रावत ने सफाई दी है। उन्होंने इसे विवाद के बजाय आपसी सम्मान और आत्मीयता का भाव बताया। इस बीच दोनों नेताओं की साथ में हंसते-मुस्कुराते हुए तस्वीरें भी सामने आई हैं।

हरीश रावत ने कहा कि उनका उद्देश्य नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य का सम्मान करना था, जबकि यशपाल आर्य भी उन्हें माला पहनाकर आदर प्रकट करना चाहते थे। छोटे भाई होने के नाते यशपाल आर्य ने पहले माला पहनाने की बात कही, जिस पर उन्होंने भी सम्मानपूर्वक माला पहनाने की बात दोहराई। रावत के मुताबिक, पूरे घटनाक्रम में न तो कोई विवाद हुआ और न ही झगड़े जैसी स्थिति बनी।

पूर्व मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि वीडियो के एक हिस्से को गलत तरीके से प्रस्तुत कर विवाद और नाराजगी का माहौल बनाने की कोशिश की गई। उन्होंने मीडिया के कुछ लोगों पर भी वीडियो को तोड़-मरोड़कर दिखाने और भाजपा की विचारधारा से प्रभावित होकर गलत प्रचार करने का आरोप लगाया।

हरीश रावत ने मंच पर मौजूद सैलजा के मुस्कुराते व्यवहार का जिक्र करते हुए कहा कि कार्यक्रम का माहौल सामान्य और सौहार्दपूर्ण था। उन्होंने पार्टी के भीतर किसी तरह की नाराजगी की चर्चाओं को भी गलत बताया। उनके अनुसार, यह बड़े भाई और छोटे भाई के बीच आपसी सम्मान से जुड़ा सामान्य घटनाक्रम था।

इस मामले पर कांग्रेस नेताओं की ओर से भी अलग-अलग प्रतिक्रियाएं सामने आई हैं। कुछ नेताओं ने इसे सामान्य बात बताते हुए कहा कि इसे नाराजगी का मुद्दा बनाकर अलग-अलग नैरेटिव तैयार किया जा रहा है।

Related Posts