November 22, 2026 2:16 AM

अर्धकुंभ की सुरक्षा में लगेगी 40 फीसदी पुलिस फोर्स ! प्रदेश के थानों में बढ़ेगा दबाव ?

देहरादून। हरिद्वार में एक जनवरी से शुरू होने वाले अर्धकुंभ मेले की सुरक्षा व्यवस्था के लिए उत्तराखंड पुलिस ने तैयारियां तेज कर दी हैं। मेले में सुरक्षा ड्यूटी के लिए प्रदेश के सभी जिलों के थानों और चौकियों से पुलिसकर्मियों की तैनाती की जा रही है। इसके चलते प्रदेशभर के थानों में मौजूदा पुलिस बल में 30 से 40 प्रतिशत तक की कमी आने की संभावना है। राजधानी देहरादून के थानों में भी करीब 60 प्रतिशत पुलिसकर्मी ही शेष रह जाएंगे। ऐसे में नियमित पुलिसिंग, गश्त और कानून व्यवस्था बनाए रखना पुलिस के लिए चुनौती होगा।

चरणबद्ध तरीके से हरिद्वार भेजे जा रहे जवान

गढ़वाल परिक्षेत्र के आईजी राजीव स्वरूप के मुताबिक, अर्धकुंभ के लिए आवंटित पुलिस बल को चरणबद्ध तरीके से हरिद्वार भेजा जा रहा है। इसमें निरीक्षक, उपनिरीक्षक, मुख्य आरक्षी और आरक्षी स्तर के पुलिसकर्मी शामिल हैं। अलग-अलग चरणों में पहुंच रहे जवानों का कुंभ ड्यूटी के लिए प्रशिक्षण भी शुरू कर दिया गया है। अब तक काफी पुलिसकर्मियों को रवाना किया जा चुका है, जबकि शेष बल को निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार भेजा जाएगा।

थानों में कम होगी फोर्स, बढ़ेगा काम का दबाव

अर्धकुंभ ड्यूटी के चलते थानों और चौकियों में पुलिसकर्मियों की संख्या घटने से नियमित पुलिसिंग की जिम्मेदारी शेष बल पर रहेगी। देहरादून में भी करीब 40 प्रतिशत पुलिसकर्मियों को कुंभ ड्यूटी पर भेजे जाने की संभावना है। हालांकि, आईजी राजीव स्वरूप का कहना है कि स्थानीय जरूरतों और नागरिक सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए सीमित संख्या में ही पुलिसकर्मियों को मेले में भेजने की योजना बनाई गई है।

कई थाना प्रभारियों के तबादले

अर्धकुंभ और विधानसभा चुनाव की तैयारियों के बीच देहरादून के कई थाना प्रभारियों के तबादले भी किए गए हैं। पटेल नगर कोतवाली प्रभारी नरेश राठौर को हरिद्वार भेजा जा रहा है, जबकि नेहरू कॉलोनी थाना प्रभारी देवेंद्र चौहान का तबादला टिहरी किया गया है। नगर कोतवाली प्रभारी कैलाश चंद्र भट्ट को भी हरिद्वार भेजा गया है। इन तबादलों के बाद संबंधित थानों में नए प्रभारियों की तैनाती की जाएगी।

केंद्र और दूसरे राज्यों से मांगा अतिरिक्त बल

स्थानीय पुलिस पर दबाव कम करने के लिए केंद्र और दूसरे राज्यों से भी अतिरिक्त सुरक्षा बल मांगा जा रहा है। आईजी राजीव स्वरूप के मुताबिक, केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल और भारत-तिब्बत सीमा पुलिस के जवानों के साथ उत्तर प्रदेश और हिमाचल प्रदेश से प्रांतीय रक्षक दल तथा होमगार्ड के जवानों की मांग की गई है। अतिरिक्त बल मिलने से थानों और चौकियों की व्यवस्था प्रभावित नहीं होने देने का प्रयास किया जाएगा। पुलिस विभाग अर्धकुंभ मेले की सुरक्षा के साथ आगामी विधानसभा चुनाव को भी सकुशल संपन्न कराने की तैयारी में जुटा है।

Related Posts