November 19, 2026 11:45 AM

शिवालिक इको पार्क के पहले चरण पर खर्च होंगे 50 करोड़, प्राकृतिक स्वरूप से छेड़छाड़ न करने के निर्देश

देहरादून। मुनिकीरेती में प्रस्तावित शिवालिक जैव विविधता (इको) पार्क का विकास प्राकृतिक स्वरूप और जैव विविधता को संरक्षित रखते हुए किया जाएगा। प्रमुख सचिव आरके सुधांशु ने वन विभाग के अधिकारियों को पार्क में निर्माण कार्य न्यूनतम रखने और उपलब्ध प्राकृतिक संसाधनों का अधिकतम उपयोग करने के निर्देश दिए हैं। परियोजना के पहले चरण के लिए 50 करोड़ रुपये की विस्तृत कार्ययोजना तैयार की जाएगी। पहले चरण की सफलता के आधार पर दूसरे चरण में 50 करोड़ रुपये की अतिरिक्त धनराशि से पार्क का विस्तार किया जाएगा।

प्रमुख सचिव की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में पार्क की रूपरेखा, निर्माण कार्यों, वित्तीय प्रबंधन और भविष्य में इसके संचालन से जुड़े पहलुओं पर चर्चा हुई। सुधांशु ने कहा कि पार्क की प्राकृतिक सुंदरता, जैव विविधता और पारिस्थितिक संतुलन से किसी तरह का समझौता नहीं होना चाहिए। अनावश्यक निर्माण कार्यों से बचते हुए परियोजना की योजना तैयार की जाए, ताकि पार्क का प्राकृतिक परिवेश भी सुरक्षित रहे और निर्माण पर होने वाला खर्च भी कम किया जा सके।

उन्होंने अधिकारियों को कम खर्च में बेहतर परिणाम हासिल करने के लिए प्रभावी वित्तीय प्रबंधन करने के निर्देश दिए। पार्क को पर्यटन और प्रकृति आधारित गतिविधियों के केंद्र के रूप में विकसित करने पर जोर देते हुए उन्होंने कहा कि इसकी योजना ऐसी होनी चाहिए, जिससे भविष्य में पार्क अपने संचालन और रखरखाव के लिए स्वयं राजस्व अर्जित कर सके। इसके लिए पर्यटकों को आकर्षित करने वाले संभावित गतिविधियों और आय के स्रोतों की पहचान करने को कहा गया।

दो चरणों में होगा विकास

परियोजना के पहले चरण में 50 करोड़ रुपये की लागत से पार्क को आकर्षक, पर्यटकों के लिए सुविधाजनक और आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने की कार्ययोजना तैयार की जाएगी। इसके संचालन के लिए राजस्व के स्रोत विकसित करने पर भी ध्यान दिया जाएगा। पहले चरण के अनुभव और सफलता के आधार पर दूसरे चरण की योजना बनाई जाएगी। इसमें 50 करोड़ रुपये की अतिरिक्त धनराशि से पार्क का विस्तार और विकास किया जाएगा।

प्रमुख सचिव ने कार्ययोजना में जैव विविधता संरक्षण, पर्यावरणीय संवेदनशीलता, प्राकृतिक सौंदर्य, पर्यटक आकर्षण और दीर्घकालिक वित्तीय स्थिरता को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पार्क का विकास ऐसा मॉडल बने, जिसमें प्रकृति संरक्षण और पर्यटन विकास एक-दूसरे के पूरक हों। बैठक में वन विभाग के संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

Related Posts