November 13, 2026 3:20 PM

नहाय-खाय के साथ छठ महापर्व शुरू, घाटों की सफाई और व्यवस्थाओं में जुटी बिहारी महासभा

देहरादून। लोक आस्था के महापर्व छठ की शुरुआत नहाय-खाय के साथ हो गई है। पर्व को लेकर देहरादून में भी तैयारियां तेज हो गई हैं। बिहारी महासभा उत्तराखंड ने टपकेश्वर महादेव मंदिर स्थित छठ घाट पर स्वच्छता अभियान चलाकर साफ-सफाई की। साथ ही घाट के क्षतिग्रस्त हिस्सों की मरम्मत का काम भी कराया जा रहा है। इस दौरान महासभा के पदाधिकारियों और सदस्यों ने नहाय-खाय का प्रसाद ग्रहण किया।

छठ पर्व के पहले दिन व्रती स्नान के बाद शुद्धता के साथ लौकी की सब्जी, चने की दाल और चावल का प्रसाद ग्रहण करते हैं। इसी के साथ चार दिवसीय महापर्व की शुरुआत होती है। बिहारी महासभा के अध्यक्ष लल्लन सिंह ने प्रदेशवासियों के साथ बिहार और पूर्वांचल के लोगों को छठ की शुभकामनाएं दीं।

उन्होंने बताया कि व्रतियों की सुविधा के लिए टपकेश्वर घाट पर चेंजिंग रूम, भोजपुरी गीत-संगीत और सुबह अलाव जलाने की व्यवस्था की गई है। प्रेमनगर नदी और चंद्रमणि घाट पर भी श्रद्धालुओं के लिए इंतजाम किए जा रहे हैं। उनके मुताबिक, टपकेश्वर घाट पर छठ पूजा के दौरान छह से सात हजार, प्रेमनगर नदी पर करीब 20 हजार और चंद्रमणि घाट पर आठ से नौ हजार श्रद्धालुओं के पहुंचने का अनुमान है।

लल्लन सिंह ने बताया कि शनिवार को खरना होगा। इस दिन व्रती दिनभर उपवास रखने के बाद शाम को खीर का प्रसाद ग्रहण करेंगे। इसके बाद रविवार 15 नवंबर को अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य दिया जाएगा, जबकि सोमवार 16 नवंबर को उगते सूर्य को अर्घ्य देने के साथ महापर्व का समापन होगा।

उन्होंने कहा कि छठ ऐसा पर्व है, जिसमें डूबते और उगते दोनों सूर्य की उपासना की जाती है। लल्लन सिंह ने सरकार से 16 नवंबर को छठ व्रतियों की सुविधा के लिए सार्वजनिक अवकाश घोषित करने की मांग की। उनका कहना है कि सरकारी और निजी संस्थानों में काम करने वाले श्रद्धालुओं को व्रत और पूजा के दौरान ड्यूटी करने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। ऐसे में सरकार को श्रद्धालुओं की आस्था और भावनाओं को ध्यान में रखते हुए अवकाश घोषित करना चाहिए।

 

Related Posts